सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया, जनहानि नहीं; बस ऑपरेटर को नोटिस और परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई इंदौर, 6 अक्टूबर। प्रदीप चौधरी। सांवेर रोड के पंथपिपलई क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उज्जैन-इंदौर मार्ग पर संचालित यात्री बस क्रमांक MP13 P-2922 में आग लगने की घटना सामने आई। सूचना मिलते ही कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। घटना के समय बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार डीजल यात्री बस उज्जैन से इंदौर के बीच पंथपिपलई, सांवेर और धरमपुरी होते हुए संचालित हो रही थी। पंथपिपलई के समीप बस में आग लगने की स्थिति बनने पर एआईसीटीएसएल और बस ऑपरेटर के समन्वय से यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया तथा उनके आगे के सफर के लिए व्यवस्था की गई। सूचना पर अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और आग पर नियंत्रण पाया। बस ऑपरेटर को कारण बताओ नोटिस प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए बस ऑपरेटर मेसर्स दिलराजमनमीत ट्रांसपोर्टेशन प्राइवेट लिमिटेड को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही बस के स्टेज कैरिज परमिट को निरस्त करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को वाहन के फिटनेस प्रमाण-पत्र सहित अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास, टायर, विद्युत वायरिंग, बीमा और पीयूसी जैसे वैधानिक मानकों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। बस में आग लगने के वास्तविक कारण और वाहन को हुए नुकसान का पता लगाने के लिए यांत्रिक एवं अग्नि-क्षति परीक्षण भी कराया जाएगा। परीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्री बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन और नियमित निगरानी को सुनिश्चित किया जाएगा। जांच के दौरान मानक संचालन प्रक्रियाओं में गंभीर कमियां या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संचालक के लाइसेंस के निलंबन सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन, राहुल-प्रियंका और अखिलेश हिरासत में स्विमिंग पूल के लोकार्पण पर पानी बचाने की नसीहत, चर्चा में आया विरोधाभास