रॉन्ग साइड चलने पर विवाद, फिर चाकू से वार… इलाज के दौरान युवक की मौत मूसाखेड़ी में खूनी विवाद के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार, चाकू और बाइक जब्त; पुलिस को गुमराह करने हथेली पर खुद चोट लगाने का भी आरोप इंदौर। प्रदीप चौधरी। मूसाखेड़ी क्षेत्र में रॉन्ग साइड वाहन चलाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान चाकू से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय युवक शिवांश की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू और बाइक जब्त की है। पुलिस के अनुसार घटना 27 सितंबर की रात करीब 9:45 बजे की है। आरोपी दीपक पिता राजेश मीणा अपने साथी सिमोन पिता अमित मसीह के साथ बाइक से मूसाखेड़ी से कोहिनूर की ओर रॉन्ग साइड जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे शिवांश उर्फ शिवा से रॉन्ग साइड चलने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद शिवांश अपने मोहल्ले में गया और अमित उर्फ दीपक चौधरी तथा लकी को साथ लेकर वापस आया। इसके बाद दोनों पक्षों में फिर विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान दीपक मीणा ने चाकू से शिवांश की जांघ पर वार कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे अमित और लकी भी घायल हुए। अस्पताल बदलते रहे, नहीं बच सकी जान गंभीर रूप से घायल शिवांश को उसके साथी उपचार के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। इसके बाद परिजन उसे जुपिटर अस्पताल और फिर अरबिंदो अस्पताल ले गए, जहां 28 सितंबर की रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस को गुमराह करने की कोशिश का आरोप मामले में पुलिस का कहना है कि घटना के बाद आरोपी दीपक ने अपनी हथेली पर चाकू से चोट पहुंचाई और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। थाने पहुंचकर घटना के संबंध में भ्रामक जानकारी भी दी गई। हालांकि पुलिस जांच में घटनाक्रम की वास्तविकता सामने आने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। तीन आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने मामले में दीपक पिता राजेश मीणा उम्र 25 वर्ष, निवासी चंद्रपुरी कॉलोनी, खाती मोहल्ला आजादनगर, सिमोन पिता अमित मसीह उम्र 22 वर्ष, निवासी अजयबाग कॉलोनी आजादनगर और सुमित राठौर निवासी चंद्रपुरी कॉलोनी, खाती मोहल्ला आजादनगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और बाइक भी जब्त की है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। मृतक: शिवांश पिता संजय बरोडिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी सीताराम पार्क कॉलोनी, मूसाखेड़ी। घायल: अमित उर्फ दीपक पिता जियालाल चौधरी, उम्र 22 वर्ष तथा लकी पिता बालकिशन, उम्र 17 वर्ष। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में सट्टा गतिविधियों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार मध्यप्रदेश में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल: 7 IPS-SPS अधिकारियों के तबादले, इंदौर, रीवा, उज्जैन समेत कई जिलों में बदली जिम्मेदारी