इंदौर। दिनेश सिंह। कथित फर्जी शासकीय आदेश के जरिए बसों को अवैध रूप से पार्क कराने से जुड़े मामले में आरोपी इफ्तेखार मुन्ना अंसारी (68) को अदालत से राहत नहीं मिली। इंदौर की द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश मनीष शर्मा की अदालत ने BA No. 3302/2026 में दायर उसकी दूसरी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।मामला थाना सेंट्रल कोतवाली के अपराध क्रमांक 31/2021 से संबंधित है। शिकायत 14 सितंबर 2019 को दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर 11 फरवरी 2021 को एफआईआर दर्ज की गई। आरोप है कि अटल इंदौर सिटी बस ट्रांसपोर्ट के तत्कालीन सीईओ के कथित फर्जी हस्ताक्षर वाले आदेश का इस्तेमाल कर शासकीय उर्दू कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हाथीपाला परिसर में चार बसों की पार्किंग कराई गई।मामले की जांच के दौरान संबंधित दस्तावेज की फॉरेंसिक जांच कराई गई। जांच में दस्तावेज के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से तैयार किए जाने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार कथित आदेश मूल दस्तावेज के बजाय रंगीन फोटोकॉपी के रूप में प्रस्तुत किया गया था।मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 201 भी जोड़ी है, जो साक्ष्य मिटाने या अपराध के साक्ष्य को गायब करने से संबंधित है। पुलिस जांच पूरी कर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत कर चुकी है। हालांकि अदालत के समक्ष यह तथ्य भी आया कि कथित कूटरचित पत्र की मूल प्रति अभी बरामद नहीं हुई है या उसके नष्ट होने से संबंधित तथ्य स्पष्ट किए जाने बाकी हैं।सुनवाई के दौरान दो आपत्तिकर्ताओं—अंसाफ अंसारी, जिनकी ओर से अधिवक्ता अमन यादव तथा मेहमूद कुरेशी, जिनकी ओर से अधिवक्ता के.एल. हार्डिया उपस्थित हुए। आपत्तिकर्ताओं की ओर से अग्रिम जमानत का विरोध करते हुए तर्क दिया गया कि कथित मूल दस्तावेज की बरामदगी तथा उसके नष्ट होने से जुड़े तथ्यों की जांच के लिए आरोपी से पूछताछ आवश्यक है।अदालत ने माना कि चार्जशीट प्रस्तुत होने के बावजूद मामले में कथित मूल दस्तावेज से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच आवश्यक है। अदालत के अनुसार इस स्तर पर आरोपी को अग्रिम जमानत दिए जाने से आगे की विवेचना प्रभावित होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए अदालत ने BNSS की धारा 482 के तहत प्रस्तुत इफ्तेखार मुन्ना अंसारी की दूसरी अग्रिम जमानत याचिका निरस्त कर दी। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन 24 घंटे में मोबाइल चोरी का खुलासा, 8 मोबाइल बरामद; 2017 के मामले का फरार वारंटी भी गिरफ्तार खड़गे के सम्मान में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार के खिलाफ की नारेबाजी