300 बेड की क्षमता, लेकिन सिर्फ 50 बेड चालू; पानी, लिफ्ट और उपकरणों की कमी पर उठे सवालइंदौर। प्रदीप चौधरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा हाल ही में लोकार्पित किए गए 83 करोड़ रुपये की लागत से बने नए 300 बिस्तरीय जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में मरीज के परिजन स्ट्रेचर नहीं मिलने पर उसे उठाकर ले जाते दिखाई दिए, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने वायरल वीडियो को भ्रामक बताते हुए अपना पक्ष रखा है। अस्पताल के सिविल सर्जन एवं वरिष्ठ सर्जन डॉ. भूपेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि वायरल वीडियो बिजोलामर्ग क्षेत्र से आए एक मरीज का है। उनके अनुसार परिजन मुख्य प्रवेश द्वार के बजाय गलती से अस्पताल के पीछे स्थित निर्माणाधीन गेट पर पहुंच गए थे, जहां से स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं हो सका। जैसे ही मामले की जानकारी मिली, मरीज को तत्काल स्ट्रेचर की मदद से अस्पताल के भीतर पहुंचाया गया। डॉ. शेखावत ने कहा कि अस्पताल में स्ट्रेचर और वार्ड बॉय उपलब्ध थे तथा कर्मचारियों की उपस्थिति सार्थक ऐप के माध्यम से लोकेशन आधारित दर्ज की जाती है। उन्होंने बताया कि घटना के समय सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी भी अस्पताल के निरीक्षण पर मौजूद थे और पूरे मामले की जांच स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही है।वहीं, अस्पताल की जमीनी स्थिति कई सवाल खड़े कर रही है। 300 बिस्तरों की क्षमता वाले इस अस्पताल में फिलहाल केवल 50 बेड पर ही सेवाएं शुरू हो सकी हैं। वर्तमान में मुख्य रूप से मातृत्व सेवाएं संचालित हो रही हैं, जबकि अन्य वार्ड आवश्यक उपकरणों के अभाव में शुरू नहीं हो पाए हैं।अस्पताल परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है। वहीं लिफ्ट बंद होने के कारण बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है। मेटरनिटी ऑपरेशन थिएटर, एनआईसीयू और अन्य वार्ड तैयार होने के बावजूद आवश्यक उपकरणों की कमी से उनका संचालन शुरू नहीं हो सका है।वायरल वीडियो के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर आमजन में सवाल उठ रहे हैं। अब स्वास्थ्य विभाग की जांच और अस्पताल प्रशासन के सुधारात्मक कदमों पर सभी की नजरें टिकी हैं। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन हॉकी टीम की नई जर्सी पर कांग्रेस का विरोध, सुरेश कपाले बोले- खेलों का नहीं होना चाहिए राजनीतिकरण दतिया उपचुनाव में हार के बाद भाजपा का बड़ा एक्शन, जिला संगठन तत्काल प्रभाव से भंग