क्राइम ब्रांच की दो बड़ी कार्रवाई, 11 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त; पार्सल डिलीवरी का झांसा देकर चार बैंक खातों से निकाले थे 78 हजार रुपये इंदौर। शहर में नशा तस्करी और साइबर अपराधों के खिलाफ क्राइम ब्रांच इंदौर ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। पहली कार्रवाई में पुलिस ने 11 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरी कार्रवाई में दिवाली की ऑनलाइन शॉपिंग के पार्सल की डिलीवरी के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हुई गृहणी को राहत दिलाते हुए 75 हजार रुपये वापस कराए गए। होटल के रिसेप्शन पर काम करने वाला कर्मचारी एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार क्राइम ब्रांच ने 5 नवंबर को स्कीम-171 स्थित साईंकृपा कॉलोनी के पास कार्रवाई करते हुए राजेश बघेल (32), निवासी लसूड़िया, इंदौर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार संदिग्ध हालत में सफेद कपड़े की थैली लेकर बैठे आरोपी ने पुलिस को देखकर घबराने की कोशिश की, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11 ग्राम एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी विजय नगर स्थित होटल कृष्णा पैलेस में रिसेप्शन पर काम करता है। उसके खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में अपराध क्रमांक 0185/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। क्राइम ब्रांच के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 86 प्रकरणों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान एमडी ड्रग्स, गांजा, भांग, ब्राउन शुगर और कोकीन सहित करीब 4 करोड़ 41 लाख 17 हजार रुपये मूल्य के मादक पदार्थ एवं वाहन जब्त किए गए हैं। पार्सल डिलीवरी के नाम पर गृहणी से 78 हजार की ठगी दूसरे मामले में दिवाली की ऑनलाइन खरीदारी के दौरान एक गृहणी साइबर ठगी का शिकार हो गई। पुलिस के अनुसार इंदौर निवासी शालिनी (परिवर्तित नाम) ने त्योहार के लिए ऑनलाइन खरीदारी की थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को डिलीवरी बॉय बताकर फोन किया और पार्सल पहुंचाने के लिए पता गलत होने का झांसा दिया। आरोपी ने पता अपडेट करने के नाम पर महिला को एक लिंक भेजी। महिला द्वारा लिंक पर क्लिक करते ही उनके चार बैंक खातों से कुल 78 हजार रुपये निकाल लिए गए। ठगी का पता चलने पर महिला ने साइबर शिकायत दर्ज कराई। क्राइम ब्रांच की फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली, ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र के संदिग्ध बैंक खातों में ठगी की रकम फ्रीज कराई। इसके बाद न्यायालय के आदेश से पीड़िता को 75 हजार रुपये वापस दिलाए गए। पुलिस की साइबर एडवाइजरी क्राइम ब्रांच ने आमजन से अपील की है कि पार्सल डिलीवरी, पता अपडेट करने या अतिरिक्त शुल्क के नाम पर आने वाले अनजान लिंक पर क्लिक न करें। किसी से ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। ऑनलाइन पार्सल की जानकारी संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही प्राप्त करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। इंदौर पुलिस की साइबर हेल्पलाइन 7049124445 पर भी संपर्क किया जा सकता है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन जवा पुलिस ने नशीली कफ सिरप की बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल इंदौर में साइबर ठगी और अवैध पटाखों पर पुलिस की कार्रवाई, गृहणी को 75 हजार वापस दिलाए, मकान से 2.20 लाख के पटाखे जब्त