400 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और 30 संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस को मिली सफलता, रायसेन निवासी आरोपी इंदौर बायपास से दबोचा गया इंदौर। प्रदीप चौधरी। इंदौर के सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र में हुए चर्चित अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद में आरोपी ने उज्जैन निवासी महेश मालवीय के सिर पर ईंट से कई वार कर उसकी हत्या कर दी थी। आरोपी की पहचान आशीष उर्फ चंद पिता चेतराम गंगवाल, निवासी ग्राम नादौर, जिला रायसेन के रूप में हुई है। जोन-3 के डीसीपी अभिषेक रंजन ने बताया कि यह मामला पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था, लेकिन तकनीकी जांच, सीसीटीवी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मामले की जांच के दौरान इंदौर, उज्जैन और भोपाल के 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा करीब 30 संदिग्धों से पूछताछ की। लगातार जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे इंदौर बायपास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले सेंट्रल कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिला था। जांच में उसकी पहचान उज्जैन के इमामबाड़ा क्षेत्र निवासी महेश मालवीय के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम बनाई गई। जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन आरोपी और मृतक साथ में शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आरोपी ने पास में रखी ईंट उठाकर महेश के सिर पर लगातार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस के लिए आरोपी तक पहुंचना आसान नहीं था, क्योंकि वह मोबाइल फोन और सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं करता था। इसके बावजूद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसकी तलाश जारी रखी। आखिरकार 30 जुलाई को इंदौर बायपास रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन फर्जी पुलिस बनकर वसूली करने वाले दो युवक गिरफ्तार, नकली पिस्टल भी बरामद पीएम किसान सम्मान निधि योजना अगले 5 वर्षों तक जारी रहेगी, ₹3.15 लाख करोड़ होंगे खर्च