भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए मूंग उपार्जन की सीमा 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दी है। साथ ही किसानों की सुविधा के लिए स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 30 जुलाई से बढ़ाकर 10 अगस्त तथा उपार्जन की अंतिम तिथि 10 अगस्त से बढ़ाकर 20 अगस्त कर दी गई है। इसके अलावा खाद वितरण के लिए लागू ई-टोकन व्यवस्था को सुधार होने तक तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए गठित मंत्री समूह की किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ मंत्रालय में हुई बैठक के बाद कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने इन निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और कृषि व्यवस्था को अधिक सरल एवं प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।कृषि मंत्री ने बताया कि भारत सरकार ने इस वर्ष ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन के लिए मध्यप्रदेश को 4.52 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य दिया था। केंद्रीय प्रावधान के अनुसार पहले केवल 25 प्रतिशत उपज की खरीदी की जानी थी, लेकिन किसानों की मांग और व्यापक हित को देखते हुए राज्य सरकार ने इसे बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। नर्मदापुरम, सीहोर और हरदा जैसे जिलों में यह लगभग तीन क्विंटल प्रति एकड़ के बराबर होगा।सरकार ने किसानों को राहत देते हुए स्लॉट बुकिंग की अवधि 10 दिन बढ़ा दी है। अब किसान 10 अगस्त तक स्लॉट बुक कर सकेंगे, जबकि उपार्जन 20 अगस्त तक जारी रहेगा।खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था को लेकर किसानों से मिल रही शिकायतों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया है। समिति व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधारों की अनुशंसा करेगी। तब तक ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से स्थगित रहेगी।कृषि मंत्री कंसाना ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन बहुचर्चित डबल मनी घोटाला: इंदौर में मां-बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जहरीला पदार्थ सेवन की आशंका