संभागीय आयुक्त के नाम सीएसपी को सौंपा गया ज्ञापन। रीवा । रीवा शहर में विस्थापित परिवारों के पुनर्वास एवं जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर न्याय मंच के संभागीय संयोजक अभय वर्मा और न्याय मंच के जिलाध्यक्ष राहुल वर्मा के नेतृत्व में समाजसेवी अविराज, अभिषेक सिंह, छोटेलाल रजक, अतुल पांडेय, आशीष द्विवेदी सहित सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार को स्वामी विवेकानंद पार्क से संभागीय आयुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर घेराव करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को रास्ते में ही रोक लिया और उन्हें संभागीय आयुक्त कार्यालय तक आगे जाने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने संभागीय आयुक्त के नाम संबोधित ज्ञापन मौके पर उपस्थित सीएसपी को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि रीवा शहर की विभिन्न बस्तियों में वर्षों से निवास कर रहे कई परिवारों को प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान उनके घरों से हटाया गया। जिसके बाद वे आवास, रोजगार और बच्चों के भविष्य को लेकर गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। न्याय मंच ने मांग की कि सभी प्रभावित परिवारों का सर्वे कराया जाए तथा उन्हें उचित मुआवजा या प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अन्य शासकीय योजनाओं के माध्यम से वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही शहर में लगातार बढ़ रही जलभराव की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। ज्ञापन में कहा गया कि हल्की बारिश के बाद भी शहर के कई मोहल्लों और कॉलोनियों में पानी भर जाता है, जिससे लोगों को आवागमन, स्वास्थ्य और दैनिक जीवन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई क्षेत्रों में नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने से वर्षा का पानी सड़कों और घरों में जमा हो जाता है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। इस दौरान समाजसेवी अविराज ने कहा कि वर्षों से बसे परिवारों को बिना समुचित पुनर्वास के बेघर छोड़ देना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को सम्मानजनक पुनर्वास, वैकल्पिक आवास एवं आजीविका की व्यवस्था उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। साथ ही शहर की जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करते हुए जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। न्याय मंच ने प्रशासन से मांग की कि विस्थापित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में आवश्यक नालियों का निर्माण एवं सुधार कार्य तत्काल कराया जाए।इस अवसर पर अनंत मिश्रा, सतेंद्र वर्मा, अतुल पांडे, अतुल त्रिपाठी, शिव यादव, शिवा यादव सहित सैकड़ों प्रदर्शनकारी उपस्थित रहे। ज्ञापन के माध्यम से जनहित से जुड़े दोनों मुद्दों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन विधि स्नातक डिग्री के आधार पर पदोन्नति पर उठे सवाल, अभियोजन विभाग की प्रक्रिया विवादों में सेफ क्लिक 2.0 अभियान का समापन, जीआरपी इंदौर ने नुक्कड़ नाटक और हस्ताक्षर अभियान से किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक
You must be logged in to post a comment.