रक्षा मंत्रालय की राष्ट्रीय प्रश्नोत्तरी में अमन कुमार ने हासिल की ऑल इंडिया रैंक 26

बागपत यूपी । बागपत के ट्यौढी गांव निवासी अमन कुमार ने भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में ऑल इंडिया रैंक 26 प्राप्त कर स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष आमंत्रण पाया है।

भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय द्वारा माय गवर्नमेंट पोर्टल पर राष्ट्रीय स्तर की तीन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें देश भर से विभिन्न आयु वर्गों के स्कूली छात्रों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों सहित 2,15,076 लोगों ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में दिए गए सभी प्रश्नों का सही जवाब न्यूनतम समयावधि में देना था। इनमें से देशभर से सर्वश्रेष्ठ 200 प्रतिभागियों को विजेता चुना गया।

राज्य युवा पुरस्कार से विभूषित, ट्यौढी गांव निवासी अमन कुमार ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ऑल इंडिया रैंक 26 हासिल कर कीर्तिमान बनाया, जिसके तहत उन्हें रक्षा मंत्रालय से स्वतंत्रता दिवस समारोह का हिस्सा बनने का विशेष आमंत्रण मिला है। मंत्रालय की व्यवस्था के अनुसार चयनित प्रतिभागी अपने साथ एक साथी को भी नामित कर सकते हैं। अमन कुमार ने यह अवसर खेड़की निवासी माय भारत स्वयंसेवक नीतीश भारद्वाज को दिया, जो राष्ट्रीय युवा उत्सव में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं एवं समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं।

अमन कुमार ने कहा कि लालकिले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह का हिस्सा बनकर झंडे को सलामी देने का अवसर मिलना बेहद गौरव का क्षण है। विगत वर्ष भी उन्हें भारत सरकार द्वारा विशेष युवा अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। वहीं, नीतीश भारद्वाज ने बताया कि हमेशा से केवल टीवी पर ही स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम देखा, लेकिन पहली बार प्रत्यक्ष रूप से कार्यक्रम देखने को लेकर वे बेहद उत्साहित हैं।

दोनों युवाओं ने विगत तीन वर्षों में समाज कार्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किए और सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों एवं नीतियों से जन-जन को जोड़ने के लिए स्वैच्छिक रूप से योगदान दिया, जिसके आधार पर उनका चयन किया गया। दोनों होनहारों ने मेरी माटी मेरा देश के राज्य और राष्ट्रीय संस्करण में भी प्रतिनिधित्व कर बागपत का मान बढ़ाया था। युवाओं के चयन से जिलेभर में खुशी का माहौल है।

उत्कृष्ट कार्यों एवं उपलब्धियों का विवरण:
ट्यौढी निवासी 23 वर्षीय युवा अमन कुमार, राज्य युवा पुरस्कार से विभूषित सामाजिक कार्यकर्ता एवं उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष हैं। वे यूनेस्को, यूनिसेफ, हंड्रेड सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से जुड़े हैं। अमन कुमार ने तकनीकी से सामाजिक बदलाव के मॉडल पर कार्य करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है, जिसमें जिला प्रशासन के साथ मिलकर कांवड़ यात्रा ऐप, सूचना सेतु ऐप, स्वीप बागपत ऐप जैसे उपयोगी समाधान विकसित किए।

खेड़की के नीतीश भारद्वाज माय भारत स्वयंसेवक हैं, जो राष्ट्रीय युवा उत्सव में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। नीतीश ने फिट इंडिया, मिशन लाइफ, मेरी माटी मेरा देश, विकसित भारत संकल्प यात्रा जैसे कार्यक्रमों में स्वैच्छिक रूप से भागीदारी कर सक्रिय स्वयंसेवक के रूप में पहचान बनाई और वर्तमान में खेड़की गांव में गठित परशुराम यूथ क्लब के अध्यक्ष हैं।

kushmendra's avatar

By kushmendra

Journlist- NNW News(News National World)

प्रातिक्रिया दे

You missed

Translate »

Discover more from NNWORLD

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading