अलग गुट की मान्यता को लेकर बढ़ा विवाद, अभिषेक बनर्जी की अयोग्यता याचिका पर सांसदों ने रखा अपना पक्ष नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की हार के बाद पार्टी से अलग हुए 20 बागी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को अपना जवाब सौंप दिया है। सांसदों ने अपने जवाब में दावा किया है कि नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में शामिल होने के उनके फैसले में किसी भी संसदीय या संवैधानिक प्रावधान का उल्लंघन नहीं हुआ है। उन्होंने अपने राजनीतिक फैसले को सामूहिक निर्णय बताते हुए इसका बचाव किया है। एनसीपीआई संसदीय दल की अध्यक्ष काकोली घोष दस्तीदार ने मंगलवार को बताया कि सभी 20 सांसदों ने लोकसभा सचिवालय की ओर से निर्धारित समय सीमा के अंतिम दिन अलग-अलग जवाब दाखिल किए हैं। प्रत्येक सांसद का जवाब करीब 17 से 18 पृष्ठों का है। ये जवाब टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की ओर से दायर अयोग्यता याचिकाओं के संबंध में सौंपे गए हैं। दरअसल, टीएमसी के 27 लोकसभा सांसदों में से 20 सांसदों के पार्टी से अलग होकर एनसीपीआई में शामिल होने और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को समर्थन देने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हुआ था। बागी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष से अपने गुट को अलग संसदीय दल के रूप में मान्यता देने की मांग की थी। इसके विरोध में अभिषेक बनर्जी ने स्पीकर के समक्ष याचिका दाखिल कर सांसदों की सदस्यता समाप्त करने की मांग की थी। बागी सांसद अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद सांसदों ने राजनीतिक परिस्थितियों का आकलन किया और सामूहिक रूप से अलग संगठन बनाने का निर्णय लिया। उनका कहना है कि संगठन और जनता के बीच अपनी राजनीतिक विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए उन्होंने एनसीपीआई का गठन किया और इसकी जानकारी लोकसभा अध्यक्ष को दी। चक्रवर्ती ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सांसदों ने संविधान के किसी भी प्रावधान का उल्लंघन नहीं किया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राजग को समर्थन देने का फैसला बाद में लिया गया था और यह उनकी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा था। इस मामले में दलबदल विरोधी कानून और संविधान की दसवीं अनुसूची महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। टीएमसी का आरोप है कि सांसदों ने स्वेच्छा से पार्टी की सदस्यता छोड़ दी है, इसलिए वे अयोग्यता के दायरे में आते हैं। वहीं, बागी सांसद बहुमत के आधार पर अपने गुट को मान्यता देने की मांग कर रहे हैं। लोकसभा सचिवालय ने 26 अगस्त को सांसदों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। बागी सांसदों ने दस्तावेज जुटाने और कानूनी सलाह के लिए पांच बार समय बढ़ाने का अनुरोध किया था। अब लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला दोनों पक्षों की दलीलों और सांसदों के व्यक्तिगत जवाबों की जांच के बाद अयोग्यता याचिकाओं पर फैसला लेंगे। इस फैसले का असर लोकसभा में संसदीय दल की स्थिति और अलग गुट की मान्यता पर पड़ सकता है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन सुपर कॉरिडोर पर कार से 15 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार ART प्लस सेंटर में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का जागरूकता एवं पंजीयन शिविर आयोजित