आम वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई में तेजी, मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट पर पुलिस की नजर कब पड़ेगी? इंदौर। प्रदीप चौधरी। शहर की सड़कों पर यातायात नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाती है। चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, हेलमेट से लेकर दस्तावेजों तक की जांच होती है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी बनाए जाते हैं। लेकिन इसी व्यवस्था के बीच पटाखे जैसी तेज आवाज निकालती बुलेट मोटरसाइकिलों का सड़कों पर बेखौफ दौड़ना यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। आखिर चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों को ऐसी मोटरसाइकिलें दिखाई क्यों नहीं देतीं? जब पुलिस की मौजूदगी में ही वाहन चालक तेज और कर्कश आवाज वाले साइलेंसर के साथ निकल जाते हैं, तो चेकिंग अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। क्या ऐसे वाहन चालकों को रोककर जांच करने की जिम्मेदारी पुलिस की नहीं है? शहरवासियों का सवाल है कि यातायात नियमों का पालन कराने में भेदभाव क्यों दिखाई देता है? आम नागरिक की छोटी सी गलती पर चालान बन जाता है, लेकिन सार्वजनिक सड़कों पर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कब होगी? पुलिस को ऐसे वाहनों की जांच कर नियम विरुद्ध साइलेंसर मिलने पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई करनी चाहिए। चौराहों पर पुलिस की मौजूदगी तभी सार्थक होगी, जब नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रत्येक वाहन चालक पर समान रूप से कार्रवाई हो। केवल चेकिंग के नाम पर खड़े रहना पर्याप्त नहीं है। अब देखना होगा कि यातायात पुलिस इस ओर ध्यान देकर कार्रवाई करती है या फिर ऐसे वाहन इसी तरह सड़कों पर आम लोगों की परेशानी बढ़ाते रहेंगे। कानून का सम्मान तभी कायम होगा, जब उसका पालन सभी के लिए समान रूप से सुनिश्चित किया जाएगा। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन बड़वानी एसपी पद्मविलोचन शुक्ला की पहल ‘आपकी बात–पुलिस के साथ’ SKOCH अवॉर्ड के लिए शॉर्टलिस्ट वेब सीरीज की शूटिंग रुकवाने और रिश्वत मांगने के आरोप, अभिनेता कपिल खादीवाला को पुलिस ने साक्ष्य के साथ बुलाया