इंदौर पुलिस पर दुर्व्यवहार और अवैध मांग के आरोप लगाकर सोशल मीडिया पर वीडियो किया था वायरल, क्राइम ब्रांच ने 27 नवंबर को बयान और सबूत देने के लिए किया तलब इंदौर। प्रदीप चौधरी। शहर में वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान पुलिस पर दुर्व्यवहार और रिश्वत मांगने के आरोप लगाने का मामला सामने आया है। मॉडल एवं अभिनेता कपिल खादीवाला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इंदौर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। अब इस मामले में कनाड़िया पुलिस और क्राइम ब्रांच ने अभिनेता को उनके आरोपों के समर्थन में साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए बुलाया है। उन्हें 27 नवंबर को उपस्थित होने के लिए कहा गया है। राजेश दंडोतिया एडिशन डीसीपी अभिनेता कपिल खादीवाला के अनुसार, वे दिल्ली से एक वेब सीरीज की शूटिंग के लिए इंदौर आए थे। इस सीरीज में अभिनेत्री ईशा तलवार, अभिनेता रजनीश दुग्गल सहित कई कलाकार शामिल हैं। पहले शूटिंग के लिए दिल्ली के कुछ स्थान तय किए गए थे, लेकिन इंदौर से जुड़ाव होने के कारण उन्होंने निर्माताओं को शहर में शूटिंग करने का सुझाव दिया। इसके बाद 14 से 20 नवंबर तक कनाड़िया क्षेत्र के कुछ कैफे और रेस्टोरेंट में शूटिंग की योजना बनाई गई थी। कपिल का आरोप है कि 20 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे कनाड़िया क्षेत्र स्थित रियल कैफे में शूटिंग के दौरान पुलिस ने काम रुकवा दिया। उनका दावा है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने क्रू मेंबर्स और प्रोडक्शन टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा अप्रत्यक्ष रूप से रुपयों की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर शूटिंग नहीं करने दी गई। इस घटनाक्रम से नाराज होकर पूरी टीम दिल्ली लौट गई। अभिनेता ने यह भी आरोप लगाया कि शूटिंग की अनुमति लेने से लेकर काम पूरा करने तक उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद उन्हें अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री और शहर के जनप्रतिनिधियों से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। कपिल खादीवाला ने वीडियो में सवाल उठाया कि एक ओर प्रदेश सरकार फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और मध्यप्रदेश को शूटिंग का केंद्र बनाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर ऐसे अनुभवों से फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों और तकनीकी कर्मचारियों का रोजगार प्रभावित होता है। फिलहाल अभिनेता द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। क्राइम ब्रांच द्वारा उन्हें साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए बुलाया जाना मामले में आगे की जांच और तथ्यों की पुष्टि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि अभिनेता की ओर से प्रस्तुत किए जाने वाले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन चौराहों पर पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल, पटाखे जैसी आवाज निकालती बुलेट सड़कों पर बेखौफ दौड़ रही बागपत में वर्ल्ड इलेक्ट्रो होम्योपैथी ऑर्गेनाइजेशन ने किया होलिस्टिक थैरेपीज़ सेंटर का शुभारंभ