19 दिसंबर को दिल्ली में होगा 111वां SKOCH समिट एवं अवॉर्ड समारोह, पुलिस और आमजन के बीच संवाद बढ़ाने के प्रयास को मिली राष्ट्रीय पहचान बड़वानी। प्रदीप चौधरी। पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बड़वानी पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ला द्वारा शुरू की गई पहल ‘आपकी बात–पुलिस के साथ’ को प्रतिष्ठित SKOCH अवॉर्ड के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। SKOCH ग्रुप के प्रबंध निदेशक दीपक दलाल ने 24 नवंबर को पत्र जारी कर एसपी शुक्ला को 19 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 111वें SKOCH समिट एवं अवॉर्ड समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। आमंत्रण पत्र के अनुसार, एसपी शुक्ला ने पुरस्कार की मूल्यांकन प्रक्रिया के सभी चरण पूरे कर लिए हैं और उनकी पहल को सम्मान के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। समारोह नई दिल्ली स्थित पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पीएचडी हाउस में सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा। ‘आपकी बात–पुलिस के साथ’ पहल के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच की दूरी कम करने के साथ दूरस्थ आदिवासी, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों तक पुलिस की पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत गांवों और बस्तियों में जनसंवाद, बच्चों के साथ बाल संवाद तथा साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, ‘मिशन 3डी’ के माध्यम से दहेज, शराब के दुरुपयोग और अनावश्यक डीजे के चलन जैसी सामाजिक समस्याओं के खिलाफ जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पुलिस मित्र नेटवर्क और ग्राम एवं नगरीय सुरक्षा समितियों के गठन से नागरिकों को अपराध रोकथाम में सहभागी बनाने पर भी जोर दिया गया है। एसपी पद्मविलोचन शुक्ला के नेतृत्व में बड़वानी पुलिस कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के साथ सामाजिक जागरूकता एवं नशे के विरुद्ध अभियान भी संचालित कर रही है। सितंबर माह में वरला थाना क्षेत्र के दुर्गम पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में अवैध गांजे की खेती के खिलाफ ‘ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक’ चलाया गया था। इस अभियान में ड्रोन और पैदल सर्चिंग की मदद से अवैध खेती का पता लगाने के लिए खरगोन, खंडवा और बड़वानी के 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की 12 टीमें गठित की गई थीं। इसके अलावा ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत शैक्षणिक एवं सामाजिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। क्या है SKOCH अवॉर्ड SKOCH ग्रुप एक स्वतंत्र संगठन है, जो शासन, विकास, सामाजिक एवं डिजिटल समावेशन और नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली परियोजनाओं का मूल्यांकन करता है। वर्ष 2003 में शुरू हुए SKOCH अवॉर्ड की चयन प्रक्रिया में शोधकर्ताओं द्वारा जांच, विशेषज्ञ ज्यूरी के समक्ष प्रस्तुति, समान क्षेत्र में कार्यरत संस्थानों का मूल्यांकन और ऑनलाइन जनमत जैसे चरण शामिल हैं। यह किसी सरकारी विभाग द्वारा दिया जाने वाला पुरस्कार नहीं, बल्कि एक स्वतंत्र संगठन की ओर से प्रदान किया जाने वाला सम्मान है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन सांवेर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 8.50 लाख रुपये की अवैध मदिरा और वाहन जब्त चौराहों पर पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल, पटाखे जैसी आवाज निकालती बुलेट सड़कों पर बेखौफ दौड़ रही