52.71 ग्राम एमडी ड्रग्स मामले में बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस, दूसरे मामले में चार पिस्टल की सप्लाई का खुलासा इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए क्राइम ब्रांच ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। एमडी ड्रग्स तस्करी के पुराने मामले में आजाद नगर निवासी मोहम्मद अरबाज उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में बड़वानी के पलसूद निवासी सतवंत सिंह को पकड़ा गया है। दोनों मामलों में पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क, मुख्य सप्लायर और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है। एमडी ड्रग्स मामले में अरबाज की गिरफ्तारी क्राइम ब्रांच के मुताबिक, 25 अगस्त 2026 को डीआरपी लाइन अस्पताल के सामने शांतिपथ रोड पर कार्रवाई करते हुए फैजान पठान उर्फ बारीक को 52.71 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया था। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 5 लाख 20 हजार रुपए बताई गई थी। इस मामले में इरशाद उर्फ भय्यू की गिरफ्तारी भी हुई थी। आरोपियों से पूछताछ और विवेचना के दौरान आजाद नगर निवासी मोहम्मद अरबाज उर्फ छोटू (29) की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 बढ़ाई गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अरबाज अपने चाचा के साथ ऑटो डील का काम करता है। उसके खिलाफ तुकोगंज थाने में वर्ष 2023 में हत्या के प्रयास, बलवा और आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज है। पुलिस अब उससे एमडी ड्रग्स की मूल सप्लाई चेन, खरीदारों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। बड़वानी से पकड़ा हथियार सप्लायर दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में बड़वानी जिले के पलसूद निवासी सतवंत सिंह (24) को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वर्ष 2025 में दर्ज एक पुराने मामले की विवेचना के दौरान सामने आए बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2025 को रिजनल पार्क स्थित मरीमाता मंदिर के पास से ग्वालियर निवासी राहुल जोशी को चार देशी पिस्टल और मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया गया था। उससे पूछताछ और विवेचना में हथियारों की सप्लाई में सतवंत सिंह की भूमिका सामने आई। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने उसे बड़वानी से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाकर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, सतवंत सिंह छठवीं तक पढ़ा है और ताला-चाबी बनाने का काम करता है। उससे हथियारों के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और अन्य खरीदारों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। ड्रग्स और हथियारों पर कार्रवाई का आंकड़ा क्राइम ब्रांच के आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 84 मामलों में 188 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 3.38696 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 36.52 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 411.28 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन सहित करीब 4 करोड़ 38 लाख 57 हजार रुपए का मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए गए हैं। वहीं, आर्म्स एक्ट के तहत इस अवधि में दो मामलों में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर सात देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस सहित करीब सात लाख रुपए के अवैध हथियार और वाहन जब्त किए गए हैं। क्राइम ब्रांच का कहना है कि दोनों मामलों में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन गुर्जर महासभा बागपत ने किया विशिष्ट प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन नकली चेन थमाकर ज्वेलर से ठग ली असली सोने की चेन, दो महिलाएं हिरासत में