अद्भुत कम्युनिटी की अनूठी पहल, बस्ती की महिलाएं और बेटियां बना रहीं आकर्षक दीये; बिक्री से बच्चों की शिक्षा और दिवाली उपहारों का इंतजाम इंदौर। दिवाली पर घरों को रोशन करने के लिए लोग मिट्टी के दीये खरीदते हैं, लेकिन इंदौर की एक बस्ती में तैयार हो रहे ये दीये सिर्फ घरों को ही नहीं, बल्कि कई जरूरतमंद परिवारों के जीवन को भी खुशियों से रोशन कर रहे हैं। अद्भुत कम्युनिटी संस्था ने इस दिवाली रोजगार, शिक्षा और सामाजिक सहयोग को जोड़ते हुए एक अनूठी पहल शुरू की है। इसके तहत बस्ती की महिलाएं और लड़कियां आकर्षक मिट्टी के दीये तैयार कर रही हैं। इनकी बिक्री से होने वाली आय से जरूरतमंद बच्चों की दिवाली खुशहाल बनाने में मदद मिलेगी। संस्था पिछले कई वर्षों से वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए काम कर रही है। इसी उद्देश्य से इस बार दिवाली पर जरूरतमंद बच्चों को नए कपड़े, मिठाइयां और पटाखे जैसे उपहार देने की योजना बनाई गई है। दीये बनाने और उनकी बिक्री से जुटाई जाने वाली राशि इस पहल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 50 से अधिक परिवारों को मिला रोजगार का अवसर इस अभियान की खास बात यह है कि इसमें बस्ती की महिलाओं और युवतियों को सीधे रोजगार से जोड़ा गया है। दीये तैयार करने के माध्यम से 50 से अधिक परिवारों को कमाई का अवसर मिला है। इससे महिलाओं को आर्थिक सहयोग मिलने के साथ उनके हुनर को भी पहचान मिल रही है। विद्यार्थी भी बने सामाजिक बदलाव के सहभागी इस पहल में जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के 20 विद्यार्थी भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। विद्यार्थी महिलाओं के साथ मिलकर दीये बनाने में हाथ बंटा रहे हैं और बच्चों की शिक्षा में भी योगदान दे रहे हैं। संस्था की ‘शिक्षा की चौपाल’ के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को नियमित पढ़ाई से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। संस्था की यह पहल संदेश दे रही है कि दिवाली की असली रोशनी केवल घरों में जलने वाले दीयों से नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन में खुशियां और आत्मनिर्भरता लाने से भी होती है। इस बार मिट्टी के इन दीयों के साथ कई परिवारों के सपने भी रोशन होंगे। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन 6 हजार करोड़ के महादेव सट्टेबाजी सिंडिकेट का कथित मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर भारत लाया गया, ओमान से CBI ने कराया प्रत्यर्पण मुख्यमंत्री जी! दौरे और घोषणाओं से नहीं संभलेगा मध्यप्रदेश, अब शराब माफिया पर निर्णायक कार्रवाई का वक्त