1 किलो 178 ग्राम गांजा, 361 क्वार्टर देशी शराब जब्त; धारदार खटकेदार चाकू के साथ एक युवक भी पकड़ा गया इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब के कारोबार और अवैध हथियार लेकर घूमने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में द्वारकापुरी थाना पुलिस ने अलग-अलग तीन कार्रवाई करते हुए गांजा, अवैध देशी शराब और धारदार खटकेदार चाकू जब्त किया है। पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। पहली कार्रवाई में पुलिस ने अहीरखेड़ी काकड़ स्थित ट्रांसफार्मर के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैली से 1 किलो 178 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्की मेथनिया (21) निवासी श्रीराम नगर, द्वारकापुरी के रूप में हुई है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 18 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने अहीरखेड़ी ईंट भट्ठे के पास दबिश देकर अवैध शराब बेचने की फिराक में खड़े अमर पड़िवाल (22) निवासी परदेशीपुरा को पकड़ा। उसके कब्जे से दो प्लास्टिक की बोरियों में रखे 361 क्वार्टर देशी लाल मसाला शराब, कुल 64.980 बल्क लीटर, बरामद किए गए। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 39 हजार 349 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसी तरह 31 अक्टूबर को सूर्यदेव नगर पानी की टंकी के पास पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे नयन बौरासी (21) निवासी भागीरथपुरा, बाणगंगा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से करीब 9 इंच लंबा लोहे का धारदार खटकेदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज किया। मामले में आरोपी को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराया गया है। तीनों मामलों में पुलिस अवैध मादक पदार्थ और शराब के स्रोत तथा वितरण नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संतोष सिंह के निर्देश, डीसीपी जोन-4 नरेंद्र रावत के निर्देशन तथा अतिरिक्त डीसीपी दिशेष अग्रवाल और एसीपी शिवेंदु जोशी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार नायर सहित द्वारकापुरी थाने की पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका रही। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन इंदौर में नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 11 आरोपी गिरफ्तार; एमडी ड्रग्स, शराब और नशीली गोलियां जब्त विजय नगर गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं का विवाद पहुंचा थाने, परिजनों ने किया हंगामा