52.71 ग्राम एमडी ड्रग्स मामले में फरार इरशाद उर्फ भय्यू गिरफ्तार, ऑनलाइन सट्टेबाजी के फरार आरोपी निखिल जैन को भी दबोचा; अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस की कार्रवाई इंदौर। शहर में अवैध नशे के कारोबार और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ इंदौर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध शराब, एमडी ड्रग्स और प्रतिबंधित नशीली गोलियों के मामलों में 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 2.74 लाख रुपए का माल जब्त किया है। वहीं, क्राइम ब्रांच ने 52.71 ग्राम एमडी ड्रग्स की तस्करी के पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे सह-आरोपी इरशाद उर्फ भय्यू को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा ऑनलाइन क्रिकेट और कैसीनो सट्टेबाजी के मामले में फरार आरोपी निखिल जैन को भी गिरफ्तार किया गया है। एमडी ड्रग्स तस्करी में फरार साथी गिरफ्तार क्राइम ब्रांच ने 25 अगस्त 2026 को डीआरपी लाइन अस्पताल के सामने शांतिपथ रोड से फैजान पठान उर्फ बारीक को 52.71 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 5.20 लाख रुपए बताई गई थी। मामले की विवेचना और आरोपी से पूछताछ के दौरान इरशाद उर्फ भय्यू निवासी सदर बाजार की संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। क्राइम ब्रांच ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, अड़ीबाजी और मारपीट सहित 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब उससे ड्रग्स की सप्लाई चेन, मुख्य स्रोत और अन्य तस्करों के संबंध में पूछताछ कर रही है। ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में निखिल जैन गिरफ्तार क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन क्रिकेट और कैसीनो सट्टेबाजी के मामले में एक अन्य फरार आरोपी निखिल जैन (33) निवासी महालक्ष्मी नगर, दिल्ली को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो लैपटॉप और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में ऑनलाइन सट्टेबाजी की आईडी, डिजिटल रिकॉर्ड और लेन-देन से संबंधित जानकारी की जांच की जा रही है। इस मामले में पुलिस पहले ही सात आरोपियों और फरार आरोपी अभिषेक अग्रवाल को गिरफ्तार कर चुकी है। कार्रवाई 6 मई को ऊषा नगर स्थित साईं नयन अपार्टमेंट के फ्लैट में दबिश देकर शुरू की गई थी, जहां ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित होने का खुलासा हुआ था। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शराब और नशे पर कार्रवाई इंदौर पुलिस की कार्रवाई में मल्हारगंज थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 14 पेटी अवैध देशी शराब जब्त की, जिसकी कीमत करीब 65,100 रुपए है। आजाद नगर पुलिस ने मूसाखेड़ी रोड से 50 क्वार्टर देशी शराब जब्त की, जबकि राऊ पुलिस ने बाड़ी मोहल्ला से अवैध कच्ची शराब के मामले में कार्रवाई की। कनाड़िया पुलिस ने भूरी टेकरी से 30 क्वार्टर शराब पकड़ी। संयोगितागंज पुलिस ने तीन कार्रवाई में अवैध शराब के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं चंदन नगर पुलिस ने नंदन नगर निवासी विनोद उर्फ विन्नु के कब्जे से 23 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की। एमडी ड्रग्स और नशीली गोलियों पर भी शिकंजा द्वारिकापुरी पुलिस ने आकाश नगर कचरा प्लांट के पास से नानक सिंह को 210 अल्प्राजोलम गोलियों के साथ पकड़ा। वहीं खजराना पुलिस ने स्कीम नंबर 134 से अकरम उर्फ अक्की शाह को 16 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 1.60 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से शराब का सेवन करने वाले सात व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी एक्ट और मादक पदार्थों का सेवन करने वाले तीन व्यक्तियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इस साल अब तक 84 एनडीपीएस प्रकरण, 187 गिरफ्तार क्राइम ब्रांच के मुताबिक, 1 जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 84 प्रकरणों में 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 3.38696 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 36.52 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 411.28 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन जब्त की गई है। जब्त मादक पदार्थों और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 38 लाख 57 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाकर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन चहुँओर सरेंडर पर खामोश नरेंदर! द्वारकापुरी पुलिस की तीन बड़ी कार्रवाई, गांजा-शराब और अवैध चाकू के साथ तीन आरोपी पकड़ाए