झुंझुनू, राजस्थान। विवेक जैन। बाबा गुलाब गिरी महाराज की पुण्यतिथि के पावन अवसर पर बिवासर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा एवं धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। धार्मिक आयोजन के तहत निकाली गई भव्य कलश यात्रा में करीब ढाई से तीन हजार माताओं-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बाबा गुलाब गिरी महाराज के परम भक्तों में शुमार सुरेश गोयल और मनीष गोयल ने बताया कि कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा में ऊंट, घोड़े, शिव बारात, राधा-कृष्ण, हनुमान जी सहित विभिन्न धार्मिक एवं आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। बैंड और डीजे की भक्तिमय धुनों के बीच निकली यह शोभायात्रा करीब चार किलोमीटर तक चली। कलश यात्रा में बिवासर गांव के लोगों के साथ-साथ दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे बाबा के भक्तों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। बताया कि करीब पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं की मौजूदगी वाली इस विशाल शोभायात्रा के बावजूद पूरा आयोजन बाबा की कृपा से शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। कलश यात्रा के दौरान धार्मिक संगीत पर माताओं-बहनों का भक्ति और उत्साह के साथ नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। चारों ओर जयकारों और भजनों की गूंज से माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं के लिए नाश्ते और बाबा गुलाब गिरी महाराज के भंडारे में प्रसाद की भी व्यापक व्यवस्था की गई। हजारों श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों के अनुसार, श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के बावजूद प्रसाद एवं भोजन की व्यवस्था अत्यंत सुचारु रूप से संचालित हो रही है। धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के विधायक, हरियाणा सरकार के मंत्री श्री कृष्ण बेदी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने भी पहुंचकर बाबा गुलाब गिरी महाराज के चरणों में श्रद्धा अर्पित की। सायंकाल आयोजित गंगा आरती, कृष्ण लीला और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन के दौरान महामंडलेश्वर माता करुणा गिरी जी महाराज के मुखारविंद से श्रद्धालु श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर रहे हैं। वहीं महंत पृथ्वी गिरी जी महाराज सहित देशभर से पधारे साधु-संतों का आशीर्वाद भी श्रद्धालुओं को प्राप्त हो रहा है। सुरेश गोयल और मनीष गोयल ने कहा कि बाबा गुलाब गिरी महाराज की कृपा से लगातार बड़ी संख्या में श्रद्धालु बिवासर पहुंच रहे हैं। धार्मिक आयोजनों में जिस तरह क्षेत्रवासियों और दूर-दराज से आए भक्तों का सहयोग मिल रहा है, वह बाबा के प्रति लोगों की गहरी आस्था और श्रद्धा को दर्शाता है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन एमडी ड्रग्स तस्करी मामले में सह-आरोपी अर्जुन कश्यप गिरफ्तार सराफा मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल, FIR में देरी को लेकर व्यापारियों ने उठाए प्रश्न