बागपत, उत्तर प्रदेश। विवेक जैन। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर सर्वपालक संस्था द्वारा गांव बाघू, जनपद बागपत स्थित विद्यालय में भव्य शिक्षक सम्मान एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। संस्था की अध्यक्षा शीला जैन ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों तथा शैक्षणिक एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि के साथ हुआ। विद्यालय की शिक्षिका और आज के कार्यक्रम की संयोजिका संगीता देवी ने बताया कि इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने महान शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया। वहीं विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर समाजसेवी प्रधान सुरेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य का निर्माण करते हैं। डॉ भरत झा ने कहा कि एक योग्य शिक्षक राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बधाई देते हुए निरंतर बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक डॉ अमित कुमार और शिक्षिका संदीपा देवी ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण, कविता एवं देशभक्ति से संबंधित प्रस्तुतियां भी दी गईं। कार्यक्रम में अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। ग्राम निवासी सुभाष दरोगा ने भी शिक्षकों के सराहनीय प्रयास की सराहना की। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है तथा अन्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। समारोह के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन टटीरी के खाटू मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर हुआ भव्य संकीर्तन का आयोजन बंडा में जहरीली शराब से मौतों के बाद प्रशासन पर गिरी गाज, आबकारी के तीन अधिकारी निलंबित