– फुनसुख वांगडू को मिल रहा जनसमर्थन नई दिल्ली। देश की राजधानी में सीजेपी का प्रदर्शन जारी है। नीट पेपर लीक मामले के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के इस प्रदर्शन में लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरणविद सोनम वांगचुक भूख हड़ताल 28 जून से भूख हड़ताल पर हैं। उनके अलावा भी कई लोग धरनास्थल पर भूख हड़ताल कर रहे हैं। सोनम वांगचुक के लगातार गिरते स्वास्थ्य के बीच उनके समर्थन में आवाजें भी उठ रही हैं। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल से लेकर समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव ने अनशन खत्म करने की अपील वांगचुक से की है। फिल्म और मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने भी सोनम वांगचुक का समर्थन किया है। जाने-माने अभिनेता प्रकाश राज बेंगलुरु में हुए सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल हुए थे और वो जंतर-मंतर पहुंचे थे और उन्होंने सोनम वांगचुक से मुलाकात की थी। उन्होंने 20 जुलाई को सीजेपी की संसद चलो रैली के लिए लोगों से समर्थन और रैली में शामिल होने की अपील की है। पंजाबी सिंगर काका भी धरनास्थल पर पहुंचे थे और उन्होंने इस प्रदर्शन का समर्थन किया था। वहीं रोडीज रिएलिटी शो के लिए चर्चित रहे उसके होस्ट रघु राम भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इधर, लेखिका अरुंधति रॉय, अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, अभिनेता रत्ना पाठक शाह और अर्थशास्त्री जयति घोष शामिल ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे प्रदर्शनकारियों से अपना अनशन समाप्त करने की अपील की है। टेलीविजन अभिनेत्री रूबीना दिलैक ने भी इंस्टाग्राम पर सोनम वांगचुक का समर्थन किया है। फिल्म अभिनेता अभय देओल ने सोनम वांगचुक का सीधे तौर पर समर्थन नहीं किया लेकिन उन्होंने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल से सोनम का धरनास्थल की एक तस्वीर पोस्ट की और उसके साथ टूटे हुए दिल की इमोजी लगाई। थ्री ईडियट्स फिल्म का एक किरदार चतुर रामलिंगम उर्फ साइलेंसर अभिनेता ओमी वैद्य ने निभाया था। ओमी वैद्य ने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिस पर उन्होंने लिखा है क्या आपको पता है असल जिंदगी का फुनसुख वांगडू मर सकता है? ओमी वैद्य ने वीडियो में कहा कि मैं नहीं चाहता हूं कि फुनसुख वांगडू मर जाए। मैं अकसर ऐसा नहीं करता हूं लेकिन आप मुझे सुनिए। क्या आपको पता है कि थ्री इडियट्स का फुनसुख वांगडू किरदार जिसे आमिर खान ने निभाया था, वो वास्तविक जीवन के लद्दाख के इंजीनियर सोनम वांगचुक पर आधारित था। अभी वो हफ्तों से जारी भूख हड़ताल पर हैं तो आपको उनके बारे में जानना चाहिए। आप उनसे सहमत हों या न हों लेकिन मैं नहीं चाहता हूं कि ये शख्स मर जाए, मैं चाहता हूं कि वो जिएं। मालूम हो कि सोमन वांगचुक पहली बार साल 2009 की फिल्म थ्री इडियट्स के बाद चर्चा में आए थे। तब यह दावा किया गया कि इस फिल्म का किरदार रेंचो (फुनसुख वांगडू) उनसे प्रेरित था। हालांकि उन्होंने इस बात को मीडिया में खारिज किया था। इसके बाद लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर हुए आंदोलन से भी वे चर्चा में रहे। चर्चित अभिनेत्री रहीं जीनत अमान ने भी सोनम वांगचुक का समर्थन किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर सोनम की तस्वीर के साथ लिखे पोस्ट में कहा है कि मैंने एक समाचार में पढ़ा कि लगातार उनकी मांसपेशियां कम हो रही हैं और वो बहुत अधिक दर्द में हैं। और जब उनसे अनशन खत्म करने के लिए कहा गया, तो उन्होंने जवाब दिया, मुझसे मेरा अनशन खत्म करने के लिए मत कहिए। सरकार से पूछिए कि वह बातचीत क्यों नहीं कर रही है। वांगचुक सेमकोल के संस्थापक हैं, आइस स्तूप के आविष्कारक हैं, लद्दाख में शिक्षा सुधार के अग्रदूत हैं, समर्पित पर्यावरण और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। साथ ही वो बॉलीवुड फिल्म 3 इडियट्स के लोकप्रिय किरदार फुनसुख वांगडू, जिसे आमिर खान ने निभाया था, उसकी प्रेरणा भी हैं। हर दृष्टि से वांगचुक एक प्रतिभाशाली, ईमानदार और जिम्मेदार व्यक्ति हैं। समाज पर उनके प्रभाव के लिए उन्हें दुनिया भर में कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। जीनत अमान ने भारत सरकार से मांग की है कि इस मुद्दे पर बातचीत शुरू करे क्योंकि यह पूरे भारत के भविष्य से जुड़ा हुआ मामला है। अभिनेता अभिलाष थपलियाल ने भी सोनम वांगचुक का समर्थन करते हुए पोस्ट लिखा। अभिनेत्री स्वरा भास्कर भी धरना स्थल पर पहुंचीं थी। उन्होंने वहां पहुंचकर सोनम वांगचुक और अभिजीत से मुलाकात की थी। वहीं, आलिया भट्ट की मां सोनी राजदान, शबाना आजमी और रूबीना दिलैक जैसी एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर सोनम वांगचुक से अपना अनशन खत्म करने की भावुक अपील की है। अभिनेत्री सोनी राजदान ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर उनसे अनशन खत्म करने की अपील की। दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी ने भी इंस्टाग्राम पर सोनम वांगचुक के समर्थन में संदेश लिखा। शबाना ने लिखा कि प्रिय सोनम वांगचुक, आपके जैसे व्यक्ति की हमारे देश को बहुत जरूरत है। आप नाइंसाफी के खिलाफ और सच के लिए खड़े हैं, हमें आप पर गर्व है। सोनम वांगचुक 28 जून से ही जंतर मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। लद्दाख के प्रसिद्ध पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का मामला अब दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गया है। सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है। याचिका में दावा किया गया है कि 28 जून से जारी अनशन के दौरान उनका वजन 8.25 किलो घट चुका है और उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही है। अदालत से सरकार को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, जरूरत पड़ने पर जीवनरक्षक पोषण देने और आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर संवाद शुरू करने का निर्देश देने की मांग की गई है। दिल्ली हाईकोर्ट में यह जनहित याचिका अधिवक्ता राकेश कुमार सैनी ने दाखिल की है। इस याचिका में केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की मांग की गई है कि वे सोनम वांगचुक को तुरंत चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराएं, उनकी जान बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं और उनके उठाए मुद्दों पर संवाद शुरू करें। याचिका में यह भी कहा गया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन और भूख हड़ताल लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन किसी नागरिक का जीवन बचाना भी राज्य की समान रूप से संवैधानिक जिम्मेदारी है। ऐसे में अगर सरकार किसी व्यक्ति की लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति के बावजूद कोई कदम नहीं उठाती, तो यह अपने सार्वजनिक और संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन न करने के समान होगा। याचिका में कहा गया है कि सरकार को उनके साथ बातचीत शुरू करने का भी निर्देश दिया जाए, जिससे आंदोलन का शांतिपूर्ण समाधान निकल सके। दिग्गज कांग्रेसी नेता शशि थरूर ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं के नाम एक खुला पत्र लिखा है। थरूर ने युवाओं से अपील करते हुए कई अहम बातें कही हैं। उन्होंने कहा है कि मेरे प्यारे युवा दोस्तों-आज मैं आपसे एक राजनेता या सांसद के तौर पर नहीं, बल्कि एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर बात कर रहा हूं जो युवा भारतीयों की आपकी पीढ़ी के साथ हो रही घटनाओं से बहुत परेशान है। थरूर ने इसके साथ ही सरकार से भी आगे आने की अपील कर डाली है। उन्होंने सोनम वांगचुक से भी अनशन तोड़ने की अपील की है। यहां बता दें कि सोनम सर के नाम से लोकप्रिय वांगचुक लद्दाख की सबसे सम्मानित सार्वजनिक शख्सियतों में गिने जाते हैं। उनका काम भारत ही नहीं, दुनिया भर में सराहा गया है। मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले वांगचुक ने लद्दाख को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने में मदद करने के कई उपाय सुझाए और उन्हें विकसित किया। वे आइस स्तूप विकसित करने के लिए सबसे अधिक जाने जाते हैं। यह बौद्ध स्तूपों से प्रेरित शंकु के आकार का कृत्रिम हिम स्तूप है, जो सर्दियों में पानी जमा करता है और वसंत के अंत में किसानों को पानी उपलब्ध कराता है, जब उसकी सबसे अधिक जरूरत होती है। सोनम वांगचुक को उनके कामों के लिए कई सम्मान मिल चुके हैं, जिनमें 2018 का रेमन मैग्सेसे पुरस्कार भी शामिल है, जिसे एशिया का सर्वोच्च सम्मान माना जाता है। वे 2009 की सुपरहिट बॉलीवुड फिल्म थ्री इडियट्स के प्रमुख किरदार की प्रेरणा भी रहे हैं। साल 2017 में वे अमिताभ बच्चन द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम कौन बनेगा करोड़पति में विशेष अतिथि के रूप में भी शामिल हुए थे। पिछले साल सरकार ने वांगचुक को यह आरोप लगाते हुए गिरफ्तार किया था कि उन्होंने लद्दाख में विरोध प्रदर्शनों को भड़काया। वांगचुक ने इन आरोपों से इनकार किया था। करीब 170 दिन जेल में रहने के बाद सरकार ने उनके खिलाफ लगाए गए आरोप वापस ले लिए और उन्हें रिहा कर दिया था। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन MP Police Promotion: मप्र पुलिस में बंपर प्रमोशन, 1029 सब इंस्पेक्टर बने थाना प्रभारी (टीआर); देखें इंदौर-उज्जैन संभाग के प्रमोटेड अधिकारियों की पूरी लिस्ट। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर पुलिस के पदोन्नत अधिकारियों को पहनाए स्टार