जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस पर संरक्षण का आरोप

रीवा। शहर के हृदय स्थल जय स्तंभ चौक स्थित वैष्णो फ्रूट्स कम्पनी के निर्धारित समय से अधिक देर तक संचालित होने के मामले में आखिरकार प्रशासन ने संज्ञान लिया है। लगातार प्रकाशित खबरों और जनचर्चाओं के बाद कार्यालय श्रम पदाधिकारी, जिला रीवा द्वारा संबंधित प्रतिष्ठान को आधिकारिक नोटिस जारी कर नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी नोटिस (क्र. 3207) में मध्यप्रदेश दुकान एवं स्थापना अधिनियम, 1958 का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया गया है कि प्रतिष्ठान सुबह 6 बजे से रात्रि 12 बजे तक ही संचालित किया जा सकेगा। निर्धारित समय के बाद दुकान खुली पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

मामले को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कथित रूप से देर रात 2 से 3 बजे के बीच दुकान खुली दिखाई दे रही है। वीडियो में ग्राहकों की आवाजाही के साथ पुलिस की मौजूदगी भी दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा तेज है कि आखिर इतने लंबे समय तक दुकान के संचालन पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

जनता यह भी सवाल उठा रही है कि क्या शहर में सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के लिए समान नियम लागू हैं या कुछ चुनिंदा प्रतिष्ठानों को विशेष छूट प्राप्त है। हालांकि इन आरोपों और दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

वहीं जय स्तंभ चौक और समदरिया होटल क्षेत्र के आसपास फैले कथित अतिक्रमण को लेकर भी नगर निगम की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क और फुटपाथ पर बढ़ते अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अब लोगों की निगाहें श्रम विभाग, पुलिस प्रशासन और नगर निगम की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि कार्रवाई केवल नोटिस तक सीमित रहती है या नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आगे भी ठोस कदम उठाए जाते हैं।

kushmendra's avatar

By kushmendra

Journlist- NNW News(News National World)

Leave a Reply

You missed

Discover more from NNWORLD

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from NNWORLD

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading