इंदौर। प्रदीप चौधरी। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोकायुक्त इंदौर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य विभाग से जुड़े रिश्वतखोरी के मामले का खुलासा किया है। लोकायुक्त ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में खाद्य विभाग के एक कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रमोद दुबे देवास जिले के सोनकच्छ तहसील स्थित पटेल एचपी गैस ग्रामीण वितरक एजेंसी के सह-संचालक हैं। उन्होंने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि खाद्य विभाग इंदौर में पदस्थ कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी राहुल शर्मा ने कमर्शियल गैस सिलेंडर अधिक कीमत पर बेचने का मामला बनाने की धमकी देकर उनसे 2.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।शिकायतकर्ता के अनुसार, बाद में सौदा 1.50 लाख रुपये में तय हुआ और एक लाख रुपये पहले ही ले लिए गए थे। शेष 50 हजार रुपये की मांग लगातार की जा रही थी। शिकायत की जांच और सत्यापन में आरोप सही पाए जाने पर लोकायुक्त ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।रविवार को गठित ट्रैप दल ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गेट नंबर-2 के सामने एक चाय की गुमटी पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रामू लोहिया को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि यह राशि कथित रूप से कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी राहुल शर्मा तक पहुंचाई जानी थी।लोकायुक्त टीम ने आरोपी रामू लोहिया को राशि लेकर राहुल शर्मा के पास भेजा। संपर्क होने पर राहुल शर्मा मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्होंने कार्यालय परिसर में रिश्वत की रकम लेने से इनकार करते हुए बाद में घर पर राशि लेने की बात कही। इसके बाद लोकायुक्त ने पूरे घटनाक्रम को दस्तावेजीकृत कर दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम-2018 की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के निर्देशन में की गई। लोकायुक्त संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल लोकायुक्त कार्यालय को दें। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन इंस्टाग्राम से बोतल ऑर्डर करना पड़ा महंगा, छात्रा से 2.99 लाख की साइबर ठगी राम मंदिर: राम नाम की लूट है………….