जयपुर। राजस्थान। शहर में हुए चर्चित बुजुर्ग दंपती हत्याकांड की जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। दंपती की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसीपी अनुभव जैन, थाना डिवीजन नंबर-6 की टीम, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक विशेषज्ञ तत्काल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स एकत्र किए गए तथा डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई।जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक महिला और एक पुरुष संदिग्ध परिस्थितियों में घर के आसपास घूमते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस का मानना है कि यही दोनों संदिग्ध इस सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़े हो सकते हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद जिन लोगों ने फोन पर आवाज बदलकर बातचीत की थी, उनका हुलिया सीसीटीवी फुटेज में नजर आए महिला और पुरुष से मेल खाता है। यही वजह है कि जांच एजेंसियां इस जोड़ी को मुख्य संदिग्ध मानकर तलाश में जुट गई हैं। पुलिस को यह भी संदेह है कि आरोपियों ने जांच को भटकाने के उद्देश्य से बुजुर्ग दंपती के मोबाइल फोन उनके घर के बाहर फेंक दिए थे।प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी दंपती के बेहद करीबी या परिचित हो सकते हैं। जिस आसानी से वे घर में दाखिल हुए और दो दिनों तक बुजुर्गों के मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते रहे, उससे अंदेशा है कि उन्हें परिवार की पूरी जानकारी थी। आरोपियों को यह भी पता था कि बुजुर्ग दंपती घर में अकेले रहते हैं, उनका बेटा अब जीवित नहीं है और उनकी बेटियां विदेश में निवास करती हैं।पुलिस का मानना है कि आरोपियों को घर के अंदरूनी हिस्सों और दंपती की दिनचर्या की भी जानकारी थी। जांचकर्ताओं के अनुसार, संभवतः आरोपी लूट की नीयत से घर में घुसे थे। आशंका है कि जब बुजुर्ग दंपती ने उनका विरोध किया या उन्हें पहचान लिया, तो अपनी पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने दोनों की बेरहमी से हत्या कर दी।एसीपी अनुभव जैन ने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास जारी है। उन्होंने भरोसा जताया कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन ऑनलाइन प्रवचन की आड़ में युवतियों को फंसाने वाला फर्जी साधु गिरफ्तार शादी के 8 दिन बाद लुटेरी दुल्हन फरार, गहने-नकदी लेकर पति को स्टेशन पर छोड़ गई