इंदौर। आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले अंतरराज्यीय हाईटेक गिरोह का इंदौर क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के मोबाइल, लैपटॉप, एलईडी टीवी, राउटर, डेबिट कार्ड और सट्टे के हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस को इस गिरोह के तार दुबई तक जुड़े होने की आशंका है।पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर अवैध गतिविधियों और संगठित सट्टेबाजी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बापजीनगर स्थित मकान नंबर 236 की पहली मंजिल पर आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है।सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच टीम ने मंगलवार रात दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कमरे में बड़ी एलईडी टीवी पर आईपीएल मैच चल रहा था, जबकि आरोपी लैपटॉप, मोबाइल फोन और वाई-फाई राउटर की सहायता से ऑनलाइन सट्टा बुक कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ‘Premium Clients Book’ नामक वेबसाइट के जरिए क्रिकेट मैचों और ऑनलाइन कैसीनो पर सट्टा संचालित कर रहे थे।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी प्रति गेंद और प्रति ओवर हार-जीत का दांव लगवाते थे। इसके लिए अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन राशि ट्रांसफर कराकर ग्राहकों को गुप्त आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराए जाते थे। छापे के दौरान पुलिस को करोड़ों रुपये के लेनदेन से संबंधित रजिस्टर और विभिन्न बैंकों के डेबिट कार्ड भी मिले हैं।क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के कब्जे से 23 स्मार्टफोन, तीन हाई-एंड लैपटॉप, 55 इंच की स्मार्ट एलईडी टीवी, हाई-स्पीड वाई-फाई राउटर, 13 डेबिट कार्ड तथा सट्टे के लेनदेन से संबंधित चार रजिस्टर जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 10 लाख 57 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी कुणालदास द्वारा अन्य युवकों को टेलीग्राम एप के माध्यम से संपर्क कर अच्छी नौकरी का लालच देकर इंदौर बुलाया गया था। आरोपी किराए के मकान में गुप्त रूप से रहकर सट्टा संचालित कर रहे थे। इनमें से अधिकांश आरोपी निजी कंपनियों में कार्यरत थे और सामान्य जीवनशैली अपनाकर अपनी पहचान छिपाए हुए थे।मामले में थाना अपराध शाखा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(1), पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट तथा आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब गिरोह के बैंक खातों, आर्थिक लेनदेन और अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन सिवनी-महाराष्ट्र बॉर्डर पर देर रात बवाल, आरटीओ चौकी में आगजनी स्वर्गीय पिंटू छपरीबंद की स्मृति में रात्रकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ