लगातार तीसरे दिन पुलिस की कार्रवाई, जगदीशपुरी के खाली मैदान से 10.66 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद; आरोपी के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज इंदौर, 1 नवंबर। शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यस्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत चंदन नगर थाना पुलिस ने लगातार तीसरे दिन कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10.66 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के इंदौर-अजमेर अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क से संभावित संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है। जगदीशपुरी के खाली मैदान में घेराबंदी कर पकड़ा पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर की रात चंदन नगर थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जगदीशपुरी स्थित खाली मैदान में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान आमिर उर्फ चोटी पिता महबूब खान (35), निवासी केशव नगर, इंदौर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10.66 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1292/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी पर पहले से दर्ज हैं तीन आपराधिक मामले पुलिस के अनुसार, आमिर उर्फ चोटी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ पूर्व में चंदन नगर थाने में आबकारी एक्ट और एनडीपीएस एक्ट तथा एमजी रोड थाने में आर्म्स एक्ट के तहत तीन प्रकरण दर्ज हैं। वर्तमान मामले को मिलाकर उसके खिलाफ कुल चार आपराधिक प्रकरण हो चुके हैं। इंदौर-अजमेर ड्रग नेटवर्क की तलाश पुलिस अब आरोपी से ब्राउन शुगर के स्रोत, खरीद-फरोख्त और परिवहन के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच में इंदौर-अजमेर अंतरराज्यीय ब्राउन शुगर नेटवर्क से जुड़े संभावित संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके लिए पुलिस फॉरवर्ड और बैकवर्ड ट्रेसिंग के जरिए सप्लाई चेन की पड़ताल कर रही है, ताकि मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वाले और इसकी खरीद-बिक्री में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। आरोपी का पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ की जा रही है। लगातार तीसरे दिन कार्रवाई, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अभियान पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त जोन-4 नरेंद्र रावत के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दीशेष अग्रवाल और सहायक पुलिस आयुक्त अन्नपूर्णा शिवेंदु जोशी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। चंदन नगर थाना पुलिस ने राज्यस्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत लगातार तीसरे दिन एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार और इससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक वेदेंद्र सिंह कुशवाह, उपनिरीक्षक मनोज सिंह भदौरिया, सौरभ कुशवाह, साबिर मंसूरी, संध्या श्रीवास्तव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तकनीकी साक्ष्यों के संकलन और विश्लेषण में साइबर सेल के आरक्षक गौरव परमार एवं आरक्षक अरविंद का विशेष योगदान रहा। News National World | इंदौर Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन बरनावा में हुआ शाह मस्ताना जी महाराज के अवतार माह के अन्तर्गत भंडारे का आयोजन भाण्डेर में वायरल वीडियो को लेकर सियासी चर्चा तेज, भाजपा मंडल अध्यक्ष के दावेदार पर उठे सवाल