बिलावली और आसपास के क्षेत्रों में जल संकट के बीच छह महीने में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य; महिलाओं ने विधायक-महापौर के सामने उठाई समस्या, नर्मदा कनेक्शन के नाम पर अधिक वसूली करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी इंदौर। प्रदीप चौधरी। शहर के बिलावली और आसपास की कॉलोनियों में बढ़ते जल संकट को देखते हुए वार्ड क्रमांक 77 में करीब 8.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई पानी की टंकी का भूमिपूजन किया गया। इस टंकी के निर्माण से क्षेत्र की करीब 12 कॉलोनियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। निर्माण कार्य को लगभग छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में पहुंचीं महिलाओं ने विधायक मधु वर्मा और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के सामने पेयजल की समस्या रखी। रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र के कई बोरिंग सूख चुके हैं और लोगों को पानी की जरूरत पूरी करने के लिए नर्मदा कनेक्शन लेना पड़ रहा है। इस दौरान नर्मदा कनेक्शन के नाम पर तय राशि से अधिक पैसे वसूले जाने की शिकायत भी सामने आई। बढ़ती आबादी के कारण पानी की मांग में इजाफा महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि शहर की आबादी लगातार बढ़ रही है, जबकि पानी की उपलब्धता सीमित है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पानी का मटका उतना ही है, लेकिन पहले पांच लोग पानी पीते थे और अब पंद्रह लोग हो गए हैं। ऐसे में हर घर तक नर्मदा का पानी पहुंचाने के लिए नई पानी की टंकियों और पाइपलाइन का निर्माण जरूरी है। महापौर ने बताया कि नर्मदा के चौथे चरण के लिए नगर निगम ने 1360 करोड़ रुपये का ऋण लिया है। उनके अनुसार, आजादी के बाद से शहर में करीब 105 पानी की टंकियां बनी थीं, जबकि पिछले तीन वर्षों में 45 नई टंकियों के निर्माण की पहल की गई है। नर्मदा कनेक्शन के नाम पर अधिक वसूली पर कार्रवाई की चेतावनी कार्यक्रम में रहवासियों ने शिकायत की कि आधे इंच के नर्मदा कनेक्शन के लिए कुछ लोगों से 7 हजार से 15 हजार रुपये तक मांगे जा रहे हैं। इस पर महापौर ने स्पष्ट किया कि कनेक्शन के लिए निर्धारित राशि से अधिक भुगतान करने की जरूरत नहीं है। यदि कोई ठेकेदार या संबंधित व्यक्ति तय राशि से ज्यादा पैसे मांगता है, तो रहवासी सीधे उनसे शिकायत करें। उन्होंने अधिक वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी। महापौर ने नगर निगम सीमा में शामिल पुराने गांवों के रहवासियों को संपत्ति कर जमा किए बिना नर्मदा कनेक्शन देने की घोषणा की। इसके लिए अगली मेयर-इन-काउंसिल (MIC) बैठक में प्रस्ताव लाने के निर्देश दिए गए। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रहवासियों को बाद में नियमानुसार संपत्ति कर जमा करना होगा। 17.50 लाख रुपये से बनेगी ड्रेनेज लाइन कार्यक्रम में श्रीयंत्र नगर सेक्टर-C के रहवासियों ने ड्रेनेज की समस्या भी उठाई। पार्षद प्रियंका चौहान ने बताया कि विधायक मधु वर्मा से चर्चा के बाद 17.50 लाख रुपये की लागत से ड्रेनेज लाइन का काम जल्द शुरू कराने की घोषणा की गई है। वहीं, रहवासी संघ के अरविंद सिंह हजारी और विनोद गुप्ता ने बताया कि करीब 25 वर्ष पुरानी कॉलोनी में सीवरेज लाइन का लेवल सही नहीं होने के कारण चेंबर में गंदा पानी भरा रहता है। इस समस्या पर दिवाली के बाद सीवरेज कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में विधायक मधु वर्मा, MIC सदस्य अभिषेक (बबलू) शर्मा, पार्षद प्रियंका चौहान और भाजपा के वरिष्ठ नेता घनश्याम वर्मा सहित क्षेत्रीय रहवासी मौजूद रहे। अब क्षेत्र के लोगों को नई पानी की टंकी के निर्माण के साथ ड्रेनेज और सीवरेज संबंधी समस्याओं के निराकरण का इंतजार है। News National World | इंदौर Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन 25 साल से न्याय की आस में मां-बेटी, भरण-पोषण के 8.09 लाख रुपये दिलाने की गुहार