नई दिल्ली। टेट्रा पैक में शराब की बिक्री और उसकी पैकेजिंग को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और विभिन्न राज्यों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि टेट्रा पैक पर फलों की तस्वीरें लगाकर शराब को जूस जैसा दिखाया जा रहा है, जिससे लोगों विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों में भ्रम की स्थिति बन रही है।‘कम्युनिटी अगेंस्ट ड्रंकन ड्राइविंग’ नामक संस्था द्वारा दायर याचिका में कहा गया है कि शराब की बॉटलिंग और पैकेजिंग से जुड़े नियमों में स्पष्टता नहीं होने के कारण कई कंपनियां टेट्रा पैक पर स्वास्थ्य चेतावनी तक नहीं छाप रही हैं। इससे उपभोक्ताओं को उत्पाद की वास्तविक प्रकृति समझने में कठिनाई हो रही है।याचिकाकर्ता ने अदालत से मांग की है कि इस प्रकार टेट्रा पैक में बेची जा रही शराब पर प्रतिबंध लगाया जाए। याचिका में यह भी कहा गया कि आकर्षक पैकिंग और जूस जैसी डिजाइन के कारण यह शराब आसानी से शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच रही है, जिससे शराब के दुरुपयोग और अपराध की घटनाओं में वृद्धि हो सकती है।इससे पहले भी उत्तर प्रदेश में टेट्रा पैक में बेची जा रही देसी शराब के खिलाफ एक जनहित याचिका दायर की गई थी। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने उस मामले में सुनवाई से इनकार करते हुए याचिकाकर्ता को संबंधित राज्य अधिकारियों से संपर्क करने की सलाह दी थी। उस याचिका में यूपी सरकार की नई एक्साइज पॉलिसी को चुनौती दी गई थी, जिसमें टेट्रा पैक में देसी शराब की बिक्री को अनिवार्य किया गया है।उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने पक्ष में कहा था कि पहले देसी शराब बोतलों में बेची जाती थी, लेकिन नई नीति के तहत टेट्रा पैकिंग अपनाने का उद्देश्य सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाना और मिलावट रोकना है।अब सुप्रीम कोर्ट द्वारा केंद्र और राज्यों से जवाब मांगे जाने के बाद इस मुद्दे पर व्यापक बहस शुरू हो गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि शराब की पैकेजिंग और विज्ञापन शैली पर सख्त नियम बनाए जाने की आवश्यकता है, ताकि युवाओं को भ्रमित होने से बचाया जा सके। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन बड़नगर पुलिस ने 5 घंटे में नाबालिग बालिका को खोजकर परिजनों से मिलाया उज्जैन में होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक, गृह मंत्री शाह करेंगे सिंहस्थ तैयारियों का मुआयना