इंदौर, प्रदीप चौधरी।। सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इंदौर जिले में बुधवार को एक साथ छह से अधिक स्थानों पर जिला प्रशासन ने बड़े पैमाने पर छापेमार कार्रवाई की। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में हुई इस मुहिम में बड़ी मात्रा में बारूद और अवैध पटाखे जब्त किए गए, कई फैक्टरियां, गोदाउन और दुकानें सील की गईं तथा अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। हातोद में सबसे बड़ी कार्रवाईहातोद क्षेत्र में सबसे व्यापक कार्रवाई हुई। ग्राम सोनगिर स्थित चावड़ा कृषि फार्म हाउस में अवैध रूप से पटाखा फैक्टरी चलाई जा रही थी। प्रशासन को छिपाने के लिए फार्म हाउस में गाय का शेड बनाकर 8 गायें भी पाली जा रही थीं। छापे में लगभग 100 किलोग्राम बारूद सहित बड़ी मात्रा में सुतली बम और निर्माण सामग्री जब्त की गई। 10 हजार वर्ग फुट में बना अवैध शेड पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया तथा बिजली का कनेक्शन भी हटा लिया गया। मुख्य आरोपी राहुल अग्रवाल (पिता रमेश अग्रवाल, निवासी विद्या पैलेस कॉलोनी इंदौर) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मौके से विजय (26 वर्ष), सागर प्रजापत (34 वर्ष) और रंजीत ठाकुर को हिरासत में लिया गया। दो लोडिंग वाहन—मारुति सुपरकैरी (क्रमांक MP 09 AG 2508) और एक बिना नंबर की महिंद्रा वीरो—भी जब्त किए गए। एसडीएम विनोद राठौर ने बताया कि राहुल ने मार्च 2025 में यह कृषि भूमि किराए पर ली थी और पिछले 15 दिनों से यहां अवैध निर्माण कार्य चल रहा था। सांवेर में आग की घटना के बाद कार्रवाईसांवेर के ग्राम पंचडेहरिया में मंगलवार को अवैध पटाखा गोदाउन में आग लगने की घटना के बाद बुधवार को प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। शासकीय रास्ते की भूमि पर बने लगभग 10 हजार वर्ग फुट के अवैध शेड को पूरी तरह हटा दिया गया। यह गोदाउन भी राहुल अग्रवाल द्वारा संचालित था। इसी क्षेत्र के ग्राम सोलसिंदा में अवैध एलपीजी गैस सिलेंडर भंडारण पर भी कार्रवाई हुई। जय श्री महाकाल गैस चुल्हा सेल्स एंड सर्विस के मालिक विनोद जायसवाल के यहां से 22 घरेलू और 3 व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए गए। दुकान पर मिले 27 घरेलू और 3 व्यावसायिक खाली सिलेंडर भी जब्त कर गैस एजेंसी को सुपुर्द कर दिए गए। बिचौली हप्सी, राऊ और देपालपुर में सीलिंगबिचौली हप्सी के ग्राम राजधरा में सना फायर वर्क्स इकाई में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर पूरी यूनिट सील कर दी गई। सुतली बम खुले में सुखाए जा रहे थे, जिससे दुर्घटना का खतरा था। राऊ क्षेत्र में चांद सितारा पटाखा हाउस को अवैध विक्रय के आरोप में तथा ग्रो वेल फीड प्रोडक्शन यूनिट को अनुमति नहीं होने पर सील किया गया। देपालपुर के ग्राम जलोदिया पार में अवैध पटाखा फैक्टरी से 13 बोरी तैयार सुतली बम और 5 बोरी (लगभग 100 किग्रा) निर्माण सामग्री जब्त कर यूनिट सील की गई। मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला और सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि जनसुरक्षा और कानून व्यवस्था से समझौता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन की इस सख्ती से त्योहारों के मौसम में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। View this post on Instagram Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन वंदे मातरम : भाजपा/आरएसएस की षड्यंत्रकारी चाल ‘बंदे मातरम’ पर बहस : नेहरू का क़द कहीं अधिक बड़ा हो गया है!