बालाघाट, 7 नवंबर 2025: बालाघाट जिले के कटंगी थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर की घटना का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। हत्या के आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतक दंपत्ति के सगे भतीजे दुलीचंद हांके (41 वर्ष) और नाती सचिन हांके (27 वर्ष) निकले, जिन्होंने पैसों की लालच और कर्ज के बोझ में चोरी के इरादे से यह जघन्य अपराध किया। पुलिस की 12 टीमों ने दिन-रात मेहनत कर 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपराध कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने करीब 10 लाख रुपये की नकदी और जेवरात लूटे थे। घटना 5 नवंबर 2025 की रात की है, जब ग्राम अर्जुननाला कटंगी में रहने वाले रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी रमेश हांके (65 वर्ष) और उनकी पत्नी पुष्पकला हांके (58 वर्ष) की घर में घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। अगले दिन सुबह दूध वाले की आवाज न आने पर पड़ोसी ने दरवाजा खोला तो खून से लथपथ शव मिले। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निहित उपाध्याय, एसडीओपी कटंगी विवेक शर्मा, सीएसपी बालाघाट वैशाली कराहलिया, एफएसएल अधिकारी गौतमा मेश्राम सहित फिंगर प्रिंट और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पता चला कि घर के मुख्य दरवाजे, अंदरूनी दरवाजों और खिड़कियों में कोई तोड़फोड़ के निशान नहीं थे, जिससे संदेह परिवार के किसी करीबी पर गया। थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भादंवि की धारा 103(1), 332(B) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। हत्या की सुनियोजित साजिश और तरीका: आरोपियों ने बताया कि उन पर करीब 4 लाख रुपये का कर्ज था। मृतक रमेश हांके रिटायरमेंट के बाद ब्याज पर पैसे देने का काम करते थे और उनके पास नकदी व गहने थे। साथ ही सुकली में उनका पोल्ट्री फार्म था, जिसकी देखभाल नाती सचिन करता था। लालच में दोनों ने चोरी की योजना बनाई। 5 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे सचिन ने रमेश को मोटरसाइकिल पंचर होने का बहाना बनाकर घर से बाहर बुलाया। रमेश के बाहर जाते ही दोनों घर में घुसे और पुष्पकला की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। रमेश के लौटते ही उनकी भी इसी हथियार से हत्या की गई। इसके बाद आलमारी से 1.15 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। कुल मशरूका करीब 10 लाख रुपये का था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही घंटों में तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भतीजे दुलीचंद हांके (पिता संपत हांके, निवासी सुकली, थाना तिरोड़ी) और नाती सचिन हांके (पिता महेश हांके, उम्र 27 वर्ष, निवासी सुकली) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस टीम की सराहनीय मेहनत: इस सफलता के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुशराम के नेतृत्व में उप निरीक्षक कमलेश यादव, छत्रपाल सिंह, दीपक गौतम, तरुण चौहान, पवन यादव, सहायक उप निरीक्षक सतीश गेडाम, दादूराम पटले, प्रधान आरक्षक प्रशांत चौधरी, आरक्षक आलोक बिसेन, नीरज सनोड़िया, विमलेश सिसोदिया, सुमित यादव, हेमंत बघेल, लक्ष्मी प्रसाद बघेल, विकास तोमर, गौतम बघेल, थान सिंह पटले आदि की टीमों ने लगातार 24 घंटे काम किया। पुलिस अधीक्षक बालाघाट ने टीम को बधाई दी है। मामले की आगे की जांच जारी है। View this post on Instagram Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने मध्यप्रदेश का नाम किया रोशन : मुख्यमंत्री इंदौर: शिशुकुंज स्कूल लैब में फटा फ्लास्क, एसिड के छींटे 5 बच्चों पर; प्रबंधन बोला- ‘हादसा नहीं, सामान्य प्रतिक्रिया’