छतरपुर में बनेगा नया क्रिकेट स्टेडियम
खेल अकादमी की बालिकाओं को दिए फिटनेस के टिप्स
 क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने खेल अकादमी की बालिकाओं से किया संवाद
क्रांति गौड़ का 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर किया जाएगा सम्मान
मुख्यमंत्री ने किया क्रांति गौड़ और उनके माता-पिता व कोच का अभिनंदन

भोपाल :

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप-2025 जीतकर पूरी दुनिया में भारत का परचम लहराया है। छतरपुर जिले के घुवारा की तेज गेंदबाज क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने देश-दुनिया में मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। कठिन परिस्थितियों, संसाधनों की कमी और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद परिश्रम और दृढ़ संकल्प के आधार पर क्रांति ने यह मुकाम हासिल किया। क्रिकेटर क्रांति गौड़ केवल प्रदेश ही नहीं, पूरे देश की बेटियों के लिए प्रेरणा है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जबलपुर में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में क्रिकेटर क्रांति गौड़ का सम्मान किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए छतरपुर में नया क्रिकेट स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि क्रिकेटर क्रांति गौड़ के पिता की बहाली के लिए अपील करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्ल्ड कप 2025 की विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रदेश की प्रतिभावान खिलाड़ी और तेज गेंदबाज क्रिकेटर क्रांति गौड़ के मुख्यमंत्री निवास में आयोजित अभिनंदन समारोह में यह विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्रिकेटर क्रांति गौड़ के आगमन पर पुष्प-गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्रिकेटर क्रांति के माता-पिता श्री मुन्ना सिंह गौड़ तथा श्रीमती नीलम सिंह गौड़ और कोच राजीव बिरथरे को अंगवस्त्रम और पुष्प-गुच्छ भेंट कर उनका अभिवादन किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किए। अभिनंदन समारोह में मध्यप्रदेश खेल अकादमी की बालिकाओं ने क्रिकेटर क्रांति गौड़ से संवाद किया।

योग और ध्यान, फिटनेस तथा एकाग्रता के लिए जरूरी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्रिकेटर क्रांति गौड़ और खेल अकादमी की बालिकाओं के संवाद में सहभागिता करते हुए उपस्थित बालिकाओं को फिटनेस का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग और ध्यान, फिटनेस तथा एकाग्रता के लिए जरूरी हैं। यह दोनों तत्व खेल के साथ-साथ बेहतर जीवन के लिए भी आवश्यक हैं। उपस्थित बालिकाओं ने क्रिकेटर क्रांति से उनके फिटनसे रूटीन, रूचियों, संघर्ष, खेल की निरंतर प्रैक्टिस और राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं में हुए अनुभवों के बारे में चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से बालिकाओं ने उनके बचपन की रूचियों और पसंदीदा खेल आदि के संबंध में भी प्रश्न किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि उज्जैन में सभी त्यौहारों और व्रत आदि पर क्षिप्रा नदी में स्नान की परम्परा है। वे भी बचपन में अपनी माताजी के साथ क्षिप्रा में स्नान के लिए प्राय: जाते थे। उन्हें तैरना तथा हॉकी खेलना भी विशेष रूप से पसंद था।

कोच राजीव बिरथरे ने बताए सफलता के आधार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में क्रिकेटर क्रांति ने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर संघर्ष आवश्यक है। हम, स्वयं से जो प्रतिबद्धता करें और माता-पिता की हमसे जो अपेक्षा हो, उसे पूर्ण करने के लिए प्राण-प्रण से प्रयास करना जरूरी है। निरंतर प्रयास से सफलता निश्चित है। क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने कहा कि खेल में सफलता के लिए फिटनेस और खान-पान का अनुशासन विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने बताया कि इस अनुशासन का पालन करते हुए ही उन्होंने मीठा खाना पूरी तरह छोड़ दिया।

कोच श्री राजीव बिरथरे ने कहा कि क्रिकेटर क्रांति गौड़ की फिटनेस पर शुरू से ही विशेष ध्यान दिया गया। इसी का परिणाम है कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक के मैचों में फिटनेस को लेकर क्रिकेटर क्रांति को कभी समस्या नहीं आयी। यह फिटनेस ही थी, जिससे कई बार क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने चोटिल होने पर भी जल्द ही रिकवर हुईं और हर बार खेल के मैदान में जल्द वापस लौंटी। कोच  राजीव बिरथरे ने खेल अकादमी की बालिकाओं को अपने उज्जवल और सफल भविष्य के लिए नियमित व्यायाम-योग-फिटनेस और खान-पान के अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग, विधायक श्री भगवानदास सबनानी तथा बड़ी संख्या में खेल अकादमी की बालिकाएं उपस्थित थीं।

NEWS NATIONAL WORLD's avatar

By NEWS NATIONAL WORLD

NNW NEWS NATIONAL WORLD MP/CG NEWS, समाचार, क्राइम, जन समस्या, पॉलिटिक्स, बॉलीवुड, सामाजिक,इत्यादि। मीडिया समूह का ऑनलाइन हिंदी समाचार पोर्टल है, जो की राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यवसाय, जीवन शैली, कला संस्कृति, पर्यटन से जुड़ी खबरों को हिंदी भाषा में एक ही स्थान पर लेटेस्ट ब्रेकिंग न्यूज के साथ प्रदान करता है। अंकुल प्रताप सिंह,बघेल +91 8516870370 सब एडिटर गौरव जैन इंदौर +91 98276 74717 सह संपादक आमिर खान इंदौर +91 9009911100, प्रदीप चौधरी, संभाग ब्यूरो चीफ इंदौर +919522447447, रीवा जिला ब्यूरो चीफ कुशमेन्द्र सिंह +91 94247 01399.

Leave a Reply

You missed

Discover more from NNWORLD

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from NNWORLD

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading