इंदौर। प्रदीप चौधरी। खजराना थाना क्षेत्र में शादी समारोह की बारात के दौरान 37 वर्षीय आसिफ अंसारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौत की वजह को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। बताया जा रहा है कि बारात में 500-500 रुपये के नोट उड़ाए जा रहे थे, जिन्हें लूटने की होड़ के बीच भीड़ और धक्का-मुक्की होने की बात सामने आई है। वहीं तेज DJ साउंड और हार्ट अटैक की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। जानकारी के मुताबिक, 14 नवंबर को पटेल समाज के शादी समारोह में बड़ी बारात निकाली गई थी। इसी दौरान 37 वर्षीय आसिफ अंसारी भी वहां पहुंचे थे। आसिफ मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन बच्चे हैं। घटना की सूचना पुलिस को शाम करीब 6 बजे मिली थी। पुलिस को बताया गया कि बारात में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिजनों को फोन पर सूचना मिली थी कि आसिफ बारात में गिर गए हैं और उन्हें पटेल हॉस्पिटल ले जाया गया है। परिजन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में परिवार पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहता था और शव घर ले आया था। बाद में खजराना थाना पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया समझाई, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मौत के बाद अलग-अलग दावे सामने आने लगे। कुछ लोगों का कहना है कि 500 रुपये के नोट लूटने की होड़ में हुई धक्का-मुक्की के दौरान आसिफ भीड़ में दब गए थे। वहीं तेज DJ साउंड के कारण हार्ट अटैक आने की आशंका भी जताई जा रही है। मृतक के भाई इलियास ने घटनास्थल का जायजा लेने और बारात की वीडियोग्राफी, ड्रोन फुटेज सहित आसपास के कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कराने की मांग की है, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें। सोशल मीडिया पर परिवार द्वारा पैसे लेकर मामला दबाने के आरोपों को भी इलियास ने खारिज किया है। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ जांच की मांग की है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, परिजनों को जानकारी दी गई थी कि आसिफ को दो बार अटैक आया था। फिलहाल पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट और मर्ग जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे आसिफ की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन इंदौर में चोरी, गोलीकांड और दस्तावेजों के दुरुपयोग के मामले सुर्खियों में इंदौर में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, तीन थाना क्षेत्रों से चार तस्कर गिरफ्तार