23 से 40 प्रतिशत तक मुनाफे का देते थे लालच, करीब 60 लोगों को बनाया निशाना; क्राइम ब्रांच ने पति-पत्नी को राजस्थान से किया गिरफ्तार इंदौर। प्रदीप चौधरी। शहर में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पति-पत्नी ने पहले लोगों का भरोसा जीतने के लिए पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों का सहारा लिया और फिर शेयर मार्केट व विदेशी कंपनियों में निवेश के नाम पर 10 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर ली। आरोपियों द्वारा निवेश पर 23 से 40 प्रतिशत तक मुनाफा देने का लालच दिया जाता था। पुलिस के मुताबिक, करीब 60 लोग इनके झांसे में आए हैं। क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से क्रेटा कार भी बरामद की गई है। धार्मिक अनुष्ठानों के जरिए बनाते थे पहचान पुलिस जांच के अनुसार, आरोपियों की पहचान नीतिन जोशी और उनकी पत्नी परागिता जोशी के रूप में हुई है। दोनों अपने घर पर पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करवाते थे। इसके लिए करीब 30 से 40 ब्राह्मणों को आमंत्रित किया जाता था। अनुष्ठान के दौरान लोगों से मेलजोल बढ़ाकर उनका विश्वास जीता जाता और फिर उन्हें शेयर मार्केट तथा विदेशी कंपनियों में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का प्रलोभन दिया जाता था। रिश्तेदारों और परिचितों तक फैलाया ठगी का जाल आरोपी शुरुआत में लोगों से 10 लाख, 20 लाख और यहां तक कि 50 लाख रुपये तक निवेश करवाते थे। इसके बदले 23 से 40 प्रतिशत तक मुनाफा देने का आश्वासन दिया जाता था। जिन लोगों को निवेश के लिए तैयार किया जाता, उनके माध्यम से उनके रिश्तेदारों और परिचितों तक भी आरोपियों ने अपनी पहुंच बनाई। इस तरह धीरे-धीरे निवेश के नाम पर बड़ी रकम एकत्रित की गई। करीब 60 लोगों से 10 करोड़ से अधिक की ठगी की आशंका क्राइम ब्रांच के पास अब तक करीब 60 लोगों के आवेदन पहुंचने की जानकारी सामने आई है। शिकायतों के अनुसार, एक महिला से मार्च 2022 से सितंबर 2023 के बीच करीब 88 लाख रुपये और एक अन्य व्यक्ति से मार्च 2025 से दिसंबर 2025 के बीच करीब 75 लाख रुपये प्राप्त किए गए। यह रकम नकद, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ली गई थी। पुलिस के मुताबिक, अन्य शिकायतों को मिलाकर ठगी की कुल रकम 10 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका है। राजस्थान से गिरफ्तारी, क्रेटा कार बरामद मामले में कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने नीतिन जोशी और परागिता जोशी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक क्रेटा कार भी बरामद की गई है। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, लेनदेन और निवेश के नाम पर प्राप्त की गई रकम की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं और ठगी की रकम कहां इस्तेमाल की गई। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय इंदौर में सिंहस्थ-2028 प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ पुरानी रंजिश में पिस्टल दिखाकर धमकाने और स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ करने का एक और आरोपी गिरफ्तार