बागपत, उत्तर प्रदेश। विवेक जैन। धर्मनगरी बड़ौत की पावन धरा पर गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को त्याग, तप, संयम, गुरु-भक्ति एवं जिनशासन प्रभावना का अनुपम संगम देखने को मिला। परम पूज्य आचार्य भगवन् श्री 108 आर्जवसागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में पिच्छिका परिवर्तन एवं भव्य जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे। महोत्सव का मुख्य आकर्षण दिल्ली निवासी सप्तम प्रतिमाधारी ब्रह्मचारी प्रदीप जैन जी की जैनेश्वरी मुनि दीक्षा रही। उन्होंने सांसारिक जीवन का परित्याग कर आचार्य भगवन् श्री 108 आर्जवसागर जी महाराज के पावन करकमलों से जैनेश्वरी मुनि दीक्षा ग्रहण की और संयम के महापथ पर अपना कदम बढ़ाया। ब्रह्मचारी प्रदीप जैन के जीवन में वैराग्य भावना ने उस समय विशेष रूप लिया, जब उन्होंने जगत के समस्त जीवों से क्षमा याचना करते हुए पूज्य गुरुदेव के श्रीचरणों में श्रीफल अर्पित कर जैनेश्वरी दीक्षा ग्रहण करने की भावना व्यक्त की। उनकी प्रबल संयम भावना को देखते हुए आचार्य श्री ने विशेष अनुग्रह करते हुए दीक्षा के लिए मंगल स्वीकृति प्रदान की थी। 19 नवंबर को ऋषभ सभागार, मानस्तंभ परिसर, गांधी रोड बड़ौत में आयोजित महोत्सव से पूर्व दीक्षार्थी की भव्य मंगल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा अजितनाथ सभागार मंडी से प्रारंभ होकर श्री शांतिनाथ मंदिर, कैनाल रोड एवं गांधी रोड होते हुए ऋषभ सभागार पहुंची। बैंड-बाजों की मधुर धार्मिक धुनों के बीच जैन श्रद्धालु भक्ति भाव से नृत्य करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना रहा। महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। झंडारोहण रमन जैन एवं अंकित जैन द्वारा किया गया। चित्र अनावरण जैन तीर्थ यात्रा संघ, दीप प्रज्वलन सुखमाल जैन, भोजन आतिथ्य अशोक जैन परिवार तथा पाद प्रक्षालन अश्वनी जैन एवं दीपाली जैन द्वारा किया गया। स्वागत अध्यक्ष अंकित जैन ने सभी अतिथियों का सम्मान किया। इसके पश्चात विधि-विधान एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच जैनेश्वरी दीक्षा का पावन प्रसंग संपन्न हुआ। आचार्य भगवन् श्री 108 आर्जवसागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में ब्रह्मचारी प्रदीप जैन ने जैनेश्वरी मुनि दीक्षा ग्रहण कर संयममय जीवन जीने का महान संकल्प साकार किया। यह भावुक एवं प्रेरणादायी अवसर उपस्थित समाजजनों और श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभूति लेकर आया। एक ओर श्रद्धालुओं ने दीक्षार्थी के वैराग्य भाव की अनुमोदना की, वहीं दूसरी ओर उनके परिवार की धर्मनिष्ठा और त्याग भावना की सराहना की गई। सांसारिक मोह-ममता से ऊपर उठकर आत्मकल्याण के मार्ग को अपनाना निश्चित रूप से उत्कृष्ट पुरुषार्थ और आत्मिक साधना का प्रतीक है। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री के मंगल सान्निध्य में आयोजित धार्मिक आयोजन की सराहना करते हुए नवदीक्षित मुनि के संयममय जीवन की मंगल कामना की। इस अवसर पर बागपत सांसद डॉक्टर राजकुमार सांगवान, महामहिम राष्ट्रपति जी एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन सहित हजारों लोग उपस्थित थे। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन जनसहयोग से सुरक्षित होगा इंदौर, गोमा की फेल में 42 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भैंस चोरी करने वाले गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी की गईं तीन भैंसें बरामद