छोटे टास्क के बदले पहले दिया मुनाफा, फिर अलग-अलग खातों में जमा कराई बड़ी रकम; साइबर टीम की तत्परता से पीड़ित को मिली राहत इंदौर। ऑनलाइन जॉब और घर बैठे मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। टेलीग्राम के माध्यम से अज्ञात ठगों ने इंदौर निवासी राहुल शर्मा (परिवर्तित नाम) को ऑनलाइन टास्क पूरा करने के नाम पर 17.50 लाख रुपए की चपत लगा दी। हालांकि, क्राइम ब्रांच इंदौर की तत्परता से पीड़ित को पूरी 17.50 लाख रुपए की राशि वापस दिला दी गई। पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगों ने टेलीग्राम के जरिए पीड़ित से संपर्क किया और सोशल मीडिया पर ट्रेंडिंग गतिविधियों में हिस्सा लेने तथा ऑनलाइन टास्क पूरा करने के बदले अच्छी कमाई का लालच दिया। शुरुआत में आरोपियों ने छोटे-छोटे टास्क दिए और उनके बदले कुछ राशि का भुगतान भी किया, जिससे पीड़ित का विश्वास जीत लिया। इसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग टास्क और निवेश के नाम पर विभिन्न बैंक खातों में लगातार रुपए जमा कराए गए। ठगों के झांसे में आकर पीड़ित ने कुल 17.50 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। बाद में धोखाधड़ी का एहसास होने पर उसने हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने संबंधित बैंक खातों और संदिग्ध लेन-देन की जानकारी जुटाकर बैंकों से समन्वय किया। कार्रवाई के दौरान ठगी में इस्तेमाल किए गए संदिग्ध बैंक खातों को ब्लॉक कराया गया और बैंकिंग प्रक्रिया के माध्यम से पीड़ित की पूरी राशि वापस कराई गई। अनजान ऑनलाइन जॉब ऑफर से रहें सावधान इंदौर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि टेलीग्राम और व्हाट्सएप पर मिलने वाले ऑनलाइन जॉब एवं टास्क के लालच में न आएं। किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 या 7049124445 पर संपर्क करें अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, एमडी ड्रग्स और ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार कनाड़िया और क्राइम ब्रांच की अलग-अलग कार्रवाई में 32 ग्राम मादक पदार्थ जब्त, कार सहित 5.20 लाख रुपए का मशरूका बरामद इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के खिलाफ इंदौर पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स और ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों कार्रवाई में कुल 32 ग्राम मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार सहित करीब 5.20 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस कमिश्नरेट के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 18 नवंबर को थाना कनाड़िया पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। कनाड़िया पुलिस ने 20 ग्राम एमडी ड्रग्स पकड़ी पहली कार्रवाई में थाना कनाड़िया पुलिस ने टीपीएस-05 के पीछे चोरबावड़ी के पास मुख्य मार्ग पर चेकिंग के दौरान मारुति सुजुकी ऑल्टो कार क्रमांक RJ09CA9500 में संदिग्ध अवस्था में बैठे व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान अफजल नवाब खान (39), निवासी ग्राम नगरी, तहसील दलोदा, जिला मंदसौर के रूप में हुई। कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड से करीब 20 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने दो लाख रुपए कीमत की कार भी जब्त की है। आरोपी के खिलाफ थाना कनाड़िया में अपराध क्रमांक 874/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 में प्रकरण दर्ज किया गया है। क्राइम ब्रांच ने 12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ आरोपी पकड़ा दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच की टीम ने स्कीम नंबर 140 स्थित दिलपसंद ग्रीन मल्टी के पास चेकिंग के दौरान काले रंग का बैग लेकर खड़े एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पुलिस को देखकर उसके घबराने पर टीम ने घेराबंदी कर तलाशी ली। बैग से 12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी की पहचान निलेश इस्के (27), निवासी मुसाखेड़ी, थाना आजाद नगर, इंदौर के रूप में हुई है। आरोपी ऑटो चलाने का काम करता है। उसके खिलाफ क्राइम ब्रांच में अपराध क्रमांक 0196/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मामला दर्ज किया गया है। सप्लायर और नेटवर्क की तलाश पुलिस दोनों आरोपियों से मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लायर और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में 1 जनवरी से अब तक क्राइम ब्रांच द्वारा एनडीपीएस एक्ट के 93 मामलों में 204 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों में एमडी ड्रग्स, गांजा, भांग, ब्राउन शुगर और कोकीन सहित करीब 4 करोड़ 55 लाख 12 हजार रुपए मूल्य के मादक पदार्थ एवं वाहन जब्त किए गए हैं। 93 मामलों में 204 आरोपी गिरफ्तार, इंदौर में नशा तस्करों के खिलाफ जारी है अभियान क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में एमडी, गांजा, भांग, ब्राउन शुगर और कोकीन सहित करोड़ों का मशरूका जब्त इंदौर। शहर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए इंदौर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। क्राइम ब्रांच के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में 1 जनवरी से 19 नवंबर तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 93 प्रकरण दर्ज कर 204 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, इन कार्रवाइयों के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3.49365 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 41.023 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 455.28 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन बरामद की गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए जाने वाले वाहन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मादक पदार्थों और वाहनों का कुल अनुमानित मूल्य करीब 4 करोड़ 55 लाख 12 हजार रुपए बताया गया है। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशे की खरीद-फरोख्त, परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में कनाड़िया थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने अलग-अलग कार्रवाई में 32 ग्राम एमडी ड्रग्स एवं ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले लोगों और उनके नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन भोपाल में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी, 1075 पेटी अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक जब्त न्यायनगर उद्यान में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई आंवला नवमी