झालावाड़ से 19 वर्षीय नवीन नागर गिरफ्तार, 10 हजार का इनामी भईयू उर्फ शमशेर भी पकड़ाया; एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा तस्करी नेटवर्क की जांच जारी इंदौर। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ क्राइम ब्रांच इंदौर ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए राजस्थान और रतलाम से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें झालावाड़ निवासी 19 वर्षीय नवीन नागर और रतलाम निवासी 10 हजार रुपये का इनामी फरार आरोपी भईयू उर्फ शमशेर खान शामिल हैं। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों से मादक पदार्थों की सप्लाई चेन और अंतरराज्यीय नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। पहले मामले में क्राइम ब्रांच ने 13 नवंबर को पोलो ग्राउंड स्थित रेलवे माल गोदाम के पास से तोफीक खान को 13.08 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में विवेचना और बैकवर्ड लिंक की जांच के दौरान राजस्थान के झालावाड़ जिले से उमर अली और शोएब उर्फ भूरा को भी गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अब 19 वर्षीय नवीन नागर को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी 12वीं तक शिक्षित है और कपड़े की दुकान संचालित करता है। इस प्रकरण में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जब्त एमडी ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 1.30 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच ने 10 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी भईयू उर्फ शमशेर खान (40) को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 2 मई 2026 को पत्थर गोदाम रोड स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास दर्ज मामले में की गई। उस दौरान पुलिस ने रतलाम जिले के नावेद खान और मुमताज को 159 ग्राम एमडी ड्रग्स, 990 ग्राम डोडाचूरा और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया था। विवेचना में ग्राम सुखेड़ा, जिला रतलाम निवासी भईयू उर्फ शमशेर की सप्लाई नेटवर्क में संलिप्तता सामने आई थी। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 का इजाफा किया गया है। क्राइम ब्रांच के अनुसार, वर्ष 2026 में 1 जनवरी से 20 नवंबर तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 94 प्रकरण दर्ज कर कुल 207 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन कार्रवाइयों में 3.49365 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 41.023 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 467.28 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन सहित करीब 4 करोड़ 57 लाख 12 हजार रुपये मूल्य के मादक पदार्थ एवं वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन सुप्रसिद्ध समाजसेवी स्वर्गीय इंद्रजीत जौहर की रस्म पगड़ी में उमड़ा जनसैलाब