रुपये मांगने से मना करने पर लोहे के पाइप और चाकू से किया था हमला, बीच-बचाव करने आए बेटे को भी किया घायल; दूसरे मामले में दो स्थायी वारंटों में फरार आरोपी बीमा चौराहे से गिरफ्तार उज्जैन। शहर में अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चिमनगंज मंडी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए मारपीट एवं चाकू से हमला करने वाले आरोपी तथा करीब सात वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में फरियादी मिथुन भालसे निवासी कार्तिक नगर, पंचकोषीय मार्ग ने 21 अगस्त 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी के अनुसार वह अपने घर के बाहर कुत्ते को घुमा रहा था, तभी पड़ोस में रहने वाला जय प्रजापत वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा। रुपये देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए लोहे के पाइप और चाकू से हमला कर फरियादी को घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पुत्र गौरव भालसे पर भी चाकू से वार किया, जिससे उसके दाहिने हाथ में चोट आई। घटना के दौरान आरोपी ने बीच-बचाव करने आए पड़ोसियों और फरियादी की पत्नी को भी जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 595/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपी जय प्रजापत को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है। वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने करीब सात वर्षों से फरार स्थायी वारंटी मनोज पिता शांतिलाल निवासी गुप्तेश्वर महादेव मंदिर के पास, मोहन नगर, उज्जैन को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध दो अलग-अलग प्रकरणों में न्यायालय द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। प्रकरण क्रमांक 605/13 में 30 जुलाई 2019 तथा प्रकरण क्रमांक 5291/12 में 29 जुलाई 2022 को वारंट जारी हुआ था। आरोपी उज्जैन छोड़कर बाहर रह रहा था और गिरफ्तारी से बच रहा था। 16 नवंबर को उसके उज्जैन आने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे बीमा चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। दोनों मामलों में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पहले मामले में प्रधान आरक्षक राजेन्द्र सिंगाड़, आरक्षक नरेन्द्र राणावत, आशुतोष एवं मोनेन्द्र प्रताप सिंह तथा दूसरे मामले में उपनिरीक्षक लिविन खेस, आरक्षक अविनाश भारद्वाज, हरिशरण तोमर एवं सैनिक चंदन सिंह की सराहनीय भूमिका रही। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन धीरज उज्जवल ने ग्राम प्रधानों को किया सम्मानित, विकास में उनके योगदान को सराहा उज्जैन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की सतर्कता से सुरक्षित मिला 12 वर्षीय बालक, परिजनों को सौंपा