उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया ने सोशल मीडिया पर साझा की ट्रेन स्वीकृति की जानकारी, दाहोद-रतलाम रेलखंड पर नई लोकल ट्रेन की मांग फिर उठी गुजरात, मध्यप्रदेश और राजस्थान को जोड़ने वाली ट्रेन शुरू हो तो हजारों यात्रियों को मिलेगी राहत; रामदेवरा और सांवरियाजी जाने वाले श्रद्धालुओं को भी होगा फायदा झाबुआ : राजेश सोनी :- रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर एक बार फिर झाबुआ-अलीराजपुर अंचल के यात्रियों की उम्मीदें जागी हैं। उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया ने सोशल मीडिया पर कोटा से रतलाम के बीच नई मेमू ट्रेन की स्वीकृति की जानकारी साझा की है। इसके बाद क्षेत्रवासियों के बीच सवाल उठने लगा है कि जब कोटा-रतलाम रेलखंड को नई मेमू ट्रेन की सौगात मिल सकती है तो वर्षों से नई लोकल ट्रेन की मांग कर रहे झाबुआ-अलीराजपुर आदिवासी अंचल के यात्रियों को आखिर कब राहत मिलेगी? दाहोद-रतलाम रेलखंड पर प्रतिदिन हजारों यात्री गुजरात और मध्यप्रदेश के बीच आवागमन करते हैं। बामनिया, थांदला रोड, मेघनगर एवं अन्य रेल स्टेशनो से जुड़े इस पूरे आदिवासी अंचल के लोगों के लिए सामान्य श्रेणी की रेल यात्रा सबसे सस्ता और सुविधाजनक विकल्प है, लेकिन इस रेलखंड पर लोकल ट्रेनों की सीमित उपलब्धता के कारण यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों की मांग है कि दाहोद से रतलाम होते हुए राजस्थान तक नई मेमू या लोकल ट्रेन चलाई जाए, जिससे तीन राज्यों के यात्रियों को सीधा लाभ मिल सके। कोटा-रतलाम को मिली सौगात, अब अंचल की बारी उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई कोटा-रतलाम नई मेमू ट्रेन की स्वीकृति की जानकारी ने क्षेत्र के रेल यात्रियों के बीच नई चर्चा छेड़ दी है। यात्रियों का कहना है कि झाबुआ-अलीराजपुर क्षेत्र भी रेल यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन रोजगार, व्यापार, शिक्षा और अन्य कार्यों के लिए गुजरात तथा मध्यप्रदेश के शहरों तक सफर करते हैं। इसके बावजूद सामान्य श्रेणी की अतिरिक्त ट्रेन की मांग वर्षों से लंबित है। सुबह से शाम तक लोकल ट्रेन का लंबा इंतजार रतलाम-दाहोद रेलखंड पर सामान्य टिकट से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए ट्रेनों के सीमित विकल्प बड़ी परेशानी हैं। सुबह उज्जैन-रतलाम-दाहोद मेमू के बाद दिन के अधिकांश समय लोकल ट्रेन का अभाव रहता है। शाम को भी ट्रेनों के बीच लंबा अंतराल होने से आम यात्रियों सहित दैनिक यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। क्षेत्रवासियों की मांग है कि सुबह संचालित मेमू के बाद चित्तोड़ नीमच रतलाम से दाहोद की ओर एक अतिरिक्त लोकल ट्रेन चलाई जाए। इसके साथ ही वापसी में दाहोद से रतलाम होते हुए नीमच और राजस्थान की ओर उपलब्ध कराई जाए, ताकि यात्रियों को अधिक उपयोगी रेल सेवा मिल सके। रामदेवरा-सांवरियाजी तक मिले सस्ती रेल सुविधा नई लोकल ट्रेन से रतलाम दाहोद रेलखंड पर तो लोकल ट्रेन की सुविधा मिलेगी साथ ही राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों रामदेवरा और सांवरियाजी जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सस्ती और सुविधाजनक रेल यात्रा का विकल्प मिल सकेगा। गुजरात के दाहोद से रतलाम होते हुए राजस्थान तक ट्रेन का संचालन तीन राज्यों के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। जनप्रतिनिधियों से अब ठोस पहल की उम्मीद कोटा-रतलाम मेमू ट्रेन की स्वीकृति की जानकारी सामने आने के बाद झाबुआ-अलीराजपुर के लोगों की अपेक्षाएं भी बढ़ गई हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी इसी तरह रेल मंत्रालय और पश्चिम रेलवे के समक्ष दाहोद-रतलाम रेलखंड पर नई लोकल ट्रेन की मांग मजबूती से उठानी चाहिए। केवल मांग और आश्वासन नहीं, बल्कि इस दिशा में ठोस पहल की जरूरत है। नई लोकल ट्रेन की मांग जल्द पूरी हो दाहोद-रतलाम रेलखंड पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों का दबाव रहता है, जबकि सामान्य श्रेणी के यात्रियों के लिए लोकल ट्रेन की सुविधा बेहद सीमित है। नई ट्रेन शुरू होने से आम यात्रियों और प्रतिदिन अपडाउन करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी। — वीरेंद्र बावेल एवं अखिलेश जाटव, दैनिक यात्री संघ सांसद को पत्र के माध्यम से कराएंगे अवगत क्षेत्रवासियों की राजस्थान को जोड़ने वाली नई लोकल ट्रेन की मांग लंबे समय से चली आ रही है। इस विषय में क्षेत्रीय सांसद को पत्र के माध्यम से अवगत कराकर जल्द रेल सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी। — ब्रजभूषण सिंह परिहार, भाजपा नेता आदिवासी अंचल को भी मिले रेल सुविधा का लाभ झाबुआ-अलीराजपुर क्षेत्र के लोगों को लोकल ट्रेन की सीमित सुविधा मिल रही है। राजस्थान तक नई ट्रेन शुरू होने से आमजन के साथ रामदेवरा और सांवरियाजी जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सस्ती यात्रा का लाभ मिलेगा। — सुनील डामर, सामाजिक कार्यकर्ता रेल मंत्रालय लेता है नई ट्रेन का निर्णय इस रेलखंड पर नई लोकल ट्रेन चलाने का निर्णय रेल मंत्रालय के स्तर पर लिया जाता है। फिलहाल इस रेलखंड पर नई लोकल ट्रेन चलाने का कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। — मुकेश कुमार, जनसंपर्क अधिकारी, रतलाम रेल मंडल Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन पत्रकार धर्मवीर जारवाल के खिलाफ 5 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा, भारतीय पत्रकार संघ BPS ने जताया विरोध प्रभात से इतना प्यार क्यूं….