पूर्व में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद झालरापाटन से दोनों आरोपियों को पकड़ा, 13.08 ग्राम एमडी ड्रग्स पहले हो चुकी है जब्त इंदौर। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच इंदौर ने एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के झालरापाटन से दो सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमर अली और शोएब उर्फ भूरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पूर्व में गिरफ्तार किए गए तोफीक खान को एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े हुए थे। जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को क्राइम ब्रांच की टीम ने रेलवे माल गोदाम, पोलो ग्राउंड के पास घेराबंदी कर इंदौर निवासी तोफीक खान (21) को 13.08 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपये बताई गई थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 0191/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 में प्रकरण दर्ज किया गया था। पूछताछ और विवेचना के दौरान पुलिस को ड्रग्स की सप्लाई के तार राजस्थान के झालरापाटन से जुड़े होने की जानकारी मिली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय स्तर पर तलाश करते हुए उमर अली और शोएब उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 का इजाफा किया है। पुलिस के मुताबिक, उमर अली चौथी कक्षा तक पढ़ा है और मजदूरी करता है, जबकि शोएब उर्फ भूरा दसवीं तक शिक्षित है तथा कार डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता है। दोनों के खिलाफ झालरापाटन थाने में मारपीट का एक मामला दर्ज है। इसके अलावा उनके विरुद्ध पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से एमडी ड्रग्स की मूल सप्लाई चेन, इंदौर में अन्य खरीदारों और नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी सामने आ सकती है। 91 मामलों में 202 आरोपी गिरफ्तार क्राइम ब्रांच इंदौर के अनुसार, वर्ष 2026 में 1 जनवरी से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 91 प्रकरण दर्ज कर 202 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन कार्रवाइयों में 3.47865 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 41.023 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 443.28 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन जब्त की गई है। जब्त मादक पदार्थों एवं वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 51 लाख 82 हजार रुपये बताई गई है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन उज्जैन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की सतर्कता से सुरक्षित मिला 12 वर्षीय बालक, परिजनों को सौंपा जेबी वीटो और आज्ञाकारी अदालत