म्यूल बैंक अकाउंट खुलवाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग बालिका को शुजालपुर से किया दस्तयाबऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत नौकरी का झांसा देकर युवक का बैंक खाता खुलवाया, एटीएम-पासबुक और सिम रखकर किया संदिग्ध लेनदेन; मां की डांट से नाराज होकर नानी के घर पहुंची बालिका को भी परिजनों से मिलाया।उज्जैन। थाना चिमनगंज मंडी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए नौकरी का झांसा देकर युवक के नाम पर म्यूल बैंक अकाउंट खुलवाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य मामले में घर से लापता हुई 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को शुजालपुर से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया गया।नौकरी का झांसा देकर खुलवाया बैंक खातापुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में फरियादी वेदांत पाराशर (18), निवासी तिरुपति सॉलिटेयर, उज्जैन ने शिकायत दर्ज कराई कि करीब दो माह पहले उसकी मुलाकात रोहित पटेल और राहुल बैरागी से हुई थी। दोनों ने उसे कलेक्शन का काम दिलाने और प्रतिमाह 25 हजार रुपये वेतन देने का लालच दिया। इसके बाद बैंक खाता खुलवाने के बदले पांच हजार रुपये देने की बात कहकर उसका आधार कार्ड अपडेट करवाया और 27 अगस्त 2026 को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की फ्रीगंज शाखा में खाता खुलवाया।आरोप है कि खाता खुलने के बाद दोनों ने युवक का एटीएम कार्ड, पिन, पासबुक, चेकबुक और बैंक खाते से लिंक मोबाइल सिम अपने कब्जे में ले लिया। उसे बताया गया कि खाते का उपयोग अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रिप्टो करेंसी कारोबार और बड़े व्यापारियों के लेनदेन के लिए किया जाएगा।खाते में हुए संदिग्ध लेनदेन, दो आरोपी गिरफ्तारकुछ समय बाद युवक को खाते की गतिविधियों पर संदेह हुआ। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि खाते में उसकी जानकारी के बिना बड़ी धनराशि जमा और निकाली जा रही थी। 19 अक्टूबर को खाते में 37,500, 35,000 और 25,489 रुपये सहित कई संदिग्ध लेनदेन हुए। वहीं, 21 अक्टूबर को शाम 6:54 से 6:58 बजे के बीच चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन से 37 हजार रुपये एटीएम के जरिए निकाले गए।युवक द्वारा बैंक से जुड़े दस्तावेज और एटीएम कार्ड वापस मांगने पर आरोपियों ने कथित रूप से उसे धमकाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर रोहित पटेल (24), निवासी तिरुपति सॉलिटेयर और राहुल बैरागी (21), निवासी राज रॉयल कॉलोनी, उज्जैन को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब संदिग्ध लेनदेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।मां की डांट से नाराज होकर नानी के घर पहुंची थी बालिकादूसरी कार्रवाई में पुलिस ने 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को शुजालपुर से सकुशल दस्तयाब किया। पुलिस के मुताबिक, ढांचा भवन निवासी महिला ने 21 अप्रैल 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी किराना दुकान से सामान लेने का कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर थाना चिमनगंज मंडी में अपराध क्रमांक 373/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।पुलिस टीम ने तलाश करते हुए बालिका को शुजालपुर से दस्तयाब किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह मां की डांट से नाराज होकर अपनी नानी के घर चली गई थी। पुलिस ने समझाइश देने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर बालिका को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।इनकी रही भूमिका: दोनों कार्रवाई थाना प्रभारी अशोक पाटीदार के नेतृत्व में की गई। म्यूल अकाउंट मामले में उपनिरीक्षक नितेश मिठौरा एवं पुलिस टीम की भूमिका रही। वहीं, नाबालिग बालिका की दस्तयाबी में एएसआई रमेश सेन, रेणुका मिश्रा, प्रधान आरक्षक सतीश यादव एवं आरक्षक पूजा सोनगरा का सराहनीय योगदान रहा।पुलिस की अपील: उज्जैन पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी, पार्ट टाइम काम या कमीशन का लालच देकर किसी को भी अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पिन, पासबुक, चेकबुक या बैंक खाते से जुड़ी सिम न सौंपें। ऐसा करने पर व्यक्ति साइबर अपराधियों के नेटवर्क में फंस सकता है और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन डीआईजी तरुण नायक होंगे मध्यप्रदेश पुलिस के प्रवक्ता, मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई पहल होटल में मिले बालिग कपल से पुलिस की पूछताछ, मोबाइल लॉक खोलने को लेकर विवाद; एडिशनल एसपी के कथित बयान से उठे सवाल