करीब 4,500 रुपये का पेट्रोल लेकर बिना भुगतान भागा आरोपी, टूटी नंबर प्लेट से पहचान छिपाने की कोशिश; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात इंदौर। प्रदीप चौधरी। शहर के एयरपोर्ट रोड स्थित सीएम पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार होने का मामला सामने आया है। एक कार चालक करीब 45 लीटर पेट्रोल भरवाने के बाद लगभग 4,500 रुपये का भुगतान किए बिना ही कार लेकर भाग निकला। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पेट्रोल पंप संचालक एवं अग्रवाल समाज केंद्रीय समिति के पूर्व अध्यक्ष राजेश बंसल ने बताया कि 17 नवंबर की देर रात करीब 2 बजकर 35 मिनट पर एक कार पेट्रोल भरवाने पहुंची थी। चालक ने कार में लगभग 45 लीटर पेट्रोल भरवाया। इसके बाद जब कर्मचारी पेट्रोल नोजल को वापस पंप के रिसीवर पर रख रहा था, तभी चालक ने मौका पाकर कार दौड़ा दी और बिना भुगतान किए फरार हो गया। टूटी नंबर प्लेट से पहचान छिपाने की कोशिश घटना के बाद पेट्रोल पंप प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में कार की नंबर प्लेट पर केवल एमपी-13 अंकित दिखाई दिया, जबकि बाकी नंबर स्पष्ट नहीं थे। बताया गया कि कार की नंबर प्लेट टूटी हुई थी। वहीं, कार के शीशे पर ‘गुर्जर’ लिखा दिखाई दे रहा है। कार के आगे की ओर भी नंबर प्लेट पर कोई नंबर अंकित नहीं था। ऐसे में वाहन की पूरी पहचान करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। एरोड्रम थाने में दिया आवेदन मामले को लेकर पेट्रोल पंप संचालक राजेश बंसल ने एरोड्रम थाने में आवेदन प्रस्तुत किया है। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध जानकारी के आधार पर कार चालक की पहचान कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पेट्रोल पंप संचालकों की सुरक्षा पर सवाल रात के समय पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार होने की घटनाएं पेट्रोल पंप कर्मचारियों और संचालकों के लिए चिंता का विषय हैं। इस घटना में आर्थिक नुकसान के साथ कर्मचारियों की सुरक्षा का सवाल भी सामने आया है। अब पुलिस जांच के बाद ही कार चालक और वाहन की पूरी पहचान स्पष्ट हो सकेगी। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन सिवनी में पुलिसकर्मियों के अनुचित आचरण का वीडियो वायरल, एएसपी और एसडीओपी सहित 6 पुलिसकर्मी निलंबित