नाम परिवर्तन की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग

रीवा। सतना जिले के धवारी स्थित स्टेडियम का नाम मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह के नाम पर यथावत रखने की मांग को लेकर श्री राजपूत करणी सेना ने विरोध दर्ज कराया है। संगठन के जिलाध्यक्ष भास्कर सिंह मोनू के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने रीवा संभाग के आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर स्टेडियम का नाम परिवर्तन किए जाने की प्रस्तावित प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में नगर निगम परिषद सतना द्वारा स्टेडियम का नामकरण स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह के नाम पर किए जाने संबंधी प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बावजूद नगर निगम द्वारा नाम परिवर्तन किए जाने की चर्चा और प्रक्रिया सामने आने से आम नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों में असंतोष व्याप्त है।

संगठन का कहना है कि कुंवर अर्जुन सिंह मध्यप्रदेश के वरिष्ठ एवं सम्मानित राजनेता रहे हैं। सार्वजनिक स्थलों का नामकरण ऐतिहासिक योगदान और जनभावनाओं से जुड़ा विषय होता है। ऐसे में पूर्व से स्थापित नाम को बिना उचित सार्वजनिक विमर्श, वैधानिक प्रक्रिया और ठोस कारणों के बदलना जनभावनाओं की अनदेखी होगी।

श्री राजपूत करणी सेना ने ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख रूप से मांग की है कि धवारी स्टेडियम का नाम पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह के नाम पर यथावत रखा जाए तथा नाम परिवर्तन से संबंधित किसी भी प्रस्तावित प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए। इसके साथ ही नगर निगम परिषद द्वारा पूर्व में पारित प्रस्ताव एवं संबंधित शासकीय अभिलेखों की जांच कराई जाए।

संगठन ने यह भी मांग की है कि आम नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पारदर्शी निर्णय लिया जाए तथा की गई कार्रवाई और निर्णय से संगठन को लिखित रूप में अवगत कराया जाए।

ज्ञापन सौंपते हुए जिलाध्यक्ष भास्कर सिंह मोनू सहित संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से पूर्व में लिए गए निर्णय का सम्मान करते हुए स्टेडियम का नाम कुंवर अर्जुन सिंह के नाम पर यथावत रखने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।

उस दौरान संभाग अध्यक्ष प्रशांत सिंह बघेल, एक्स आर्मी ब्रिगेड संभाग के मीडिया प्रभारी यज्ञ प्रताप सिंह, एक्स आर्मी,ब्रिगेड जिला अध्यक्ष रितेश सिंह चंदेल, उपाध्यक्ष पुष्पराज सिंह बघेल, नगर अध्यक्ष दीपक सिंह गहरवार, जिला सचिव रोहित सिंह बघेल, मंडल प्रभारी अमन सिंह चंदेल,, छात्रसंघ जिला अध्यक्ष अंकित सिंह गहरवार, दुर्गेश सिंह बघेल सहित समस्त श्री राजपूत करणी सेना रीवा टीम एवं अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के प्रदेश सचिव सतीश चौबे, सर्व समाज के सुधीर पांडे, मोहित चौबे मौजूद रहे।

kushmendra's avatar

By kushmendra

Journlist- NNW News(News National World)

प्रातिक्रिया दे

You missed

Translate »

Discover more from NNWORLD

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading