निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर किया प्रदर्शन। पुलिस की समझाइश के बाद समाप्त हुआ चक्काजाम सिरमौर। रीवा जिले के सिरमौर थाना क्षेत्र अंतर्गत रीवा-डभौरा मार्ग पर स्थित डैसी पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल के पास सोमवार सुबह एक शिक्षक का लहूलुहान हालत में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क दुर्घटना मानकर जांच कर रही है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह बरदहा घाटी से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क किनारे एक युवक को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना सिरमौर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवा दिया। बाद में मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान भानु प्रकाश गुप्ता के रूप में की। जो मैहर जिले के ताला थाना अंतर्गत मुकुंदपुर के निवासी थे और वर्तमान में सिरमौर के सीएम राइज स्कूल में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन सिरमौर पहुंचे। शव की स्थिति और शरीर पर मौजूद गंभीर चोटों को देखकर परिजनों ने इसे सड़क हादसा मानने से इनकार कर दिया और सुनियोजित हत्या की आशंका जताई। मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित परिजनों, शिक्षकों, स्थानीय नागरिकों और स्कूल के विद्यार्थियों ने सिरमौर के मुख्य चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन लोकतंत्र में वर्चस्व की राजनीति पर परिचर्चा : देशवासियों को डिजिटल अरेस्ट कर दिया गया – आशुतोष धीरज उज्जवल ने ग्राम प्रधानों को किया सम्मानित, विकास में उनके योगदान को सराहा
You must be logged in to post a comment.