इंदौर। पुलिस की वर्दी कानून-व्यवस्था संभालने के साथ जरूरतमंदों के लिए संवेदना और सहारे का प्रतीक भी बन सकती है। इसका मानवीय उदाहरण पुलिस कमिश्नरेट इंदौर की महिला आरक्षक सोनाली सोनी, जिन्हें ‘सिंगिंग कॉप’ के नाम से भी जाना जाता है, ने पेश किया। पलासिया चौराहे पर ड्यूटी के दौरान सोनाली सोनी की नजर एक वृद्ध महिला पर पड़ी, जो वहां अकेली बैठी थीं। उन्होंने महिला के पास जाकर उसका हालचाल जाना। बातचीत में वृद्ध महिला ने बताया कि वह बाहर से आई हैं और बैंक में पासबुक से संबंधित काम के लिए इंदौर पहुंची हैं। सोनाली सोनी ने जब महिला से भोजन के बारे में पूछा तो उन्होंने भूख लगने की बात कही और हरी सब्जी खाने की इच्छा जताई। वृद्ध महिला की इच्छा को देखते हुए सोनाली सोनी ने तत्काल पास के रेस्टोरेंट से भोजन मंगवाया और उन्हें खाना खिलाया। इसके बाद ड्यूटी के दौरान सोनाली सोनी ने देखा कि वृद्ध महिला वहीं बैठे-बैठे सो गई हैं। रात में ठंड को देखते हुए उन्होंने अपनी सहेली को पैसे देकर बाजार से शाल मंगवाई और वृद्ध महिला को शाल ओढ़ाकर ठंड से बचाने की व्यवस्था की। सोनाली सोनी ने वृद्ध महिला से उन्हें वृद्धाश्रम पहुंचाने की बात भी कही, लेकिन महिला ने इसके लिए मना कर दिया। उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए सोनाली सोनी ने पास के रेस्टोरेंट संचालक से भी वृद्ध महिला का ध्यान रखने का आग्रह किया। इसके बाद वह अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट गईं। सोनाली सोनी की इस पहल में पुलिस सेवा के साथ मानवीय संवेदना, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी की झलक देखने को मिली। आसपास मौजूद लोगों ने भी उनकी इस संवेदनशील पहल की सराहना की। यह घटना बताती है कि वर्दी सिर्फ कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने का माध्यम नहीं, बल्कि जरूरत के समय किसी असहाय के लिए सहारा बनने का दायित्व भी है। “ड्यूटी सड़क पर थी, लेकिन नजर इंसानियत पर थी।” इस मानवीय पहल के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के प्रति भी सम्मान व्यक्त किया गया। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन इंदौर ट्रैफिक सुधार को लेकर डॉ. जेम्स पाल का सुझाव, एक माह के पायलट प्रोजेक्ट की मांग इंदौर में 54.70 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ ऑटो चालक गिरफ्तार, कीमत करीब 5.40 लाख रुपए