150 बच्चों के बीमार होने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं, भोपाल लैब में सैकड़ों सैंपलों की रिपोर्ट लंबितइंदौर। शिशुकुंज स्कूल में भोजन के बाद करीब 150 बच्चों के बीमार पड़ने के मामले में तीन सप्ताह बीत जाने के बावजूद जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। रिपोर्ट लंबित होने से यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बच्चों की तबीयत खराब होने का कारण भोजन में मिलावट, खराब डेयरी उत्पाद या कोई अन्य वजह थी। इस देरी ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था और जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।20 जून को स्कूल में भोजन करने के बाद बड़ी संख्या में बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी। 22 जून को मामला सामने आने पर प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्कूल के किचन और मेस का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 10 पैकेट एक्सपायरी मसाले और दो पैकेट एक्सपायर्ड नमकीन मिले। अधिकारियों ने किचन को सील कर पनीर, दूध, आइसक्रीम, दाल, कोफ्ते, चावल, रोटी, मसाले और पेयजल समेत 23 खाद्य नमूने जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे। मामले में प्रकरण भी दर्ज किया गया।प्रारंभिक जांच में अधिकारियों का मानना है कि केवल एक्सपायर्ड मसाले या नमकीन इतने बड़े स्तर पर बच्चों के बीमार होने की वजह नहीं हो सकते। इसलिए जांच का मुख्य फोकस डेयरी उत्पादों पर रखा गया है। विशेषज्ञों के अनुसार गर्मी में कोल्ड स्टोरेज या फ्रीजर का तापमान सही नहीं रहने पर दूध, पनीर और आइसक्रीम जैसे उत्पाद तेजी से खराब हो जाते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग की आशंका बढ़ जाती है।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि घटना वाले दिन बच्चों को परोसी गई आइसक्रीम का वही बैच पूरी तरह खत्म हो चुका था, इसलिए उसका नमूना नहीं लिया जा सका। ऐसे में यह पता लगाना मुश्किल हो गया है कि बीमारी की वजह वही आइसक्रीम थी या नहीं।सूत्रों के अनुसार जनवरी से अब तक इंदौर से लिए गए सैकड़ों खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट भोपाल लैब में लंबित है। रिपोर्ट में देरी के कारण कई मामलों में कानूनी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि लैब रिपोर्ट के बिना खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को साबित करना मुश्किल होता है।गौरतलब है कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के तलावली चांदा में करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक फूड टेस्टिंग लैब का लोकार्पण किया था। स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई गई इस लैब को अब तक एनएबीएल प्रमाणन नहीं मिल पाया है। इसी कारण इंदौर के खाद्य नमूने आज भी जांच के लिए भोपाल भेजे जा रहे हैं, जिससे रिपोर्ट आने में लंबा समय लग रहा है। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की अपील दिल्ली हाईकोर्ट से खारिज, बैंक फ्रॉड मामले में तीन साल की सजा बरकरार निगार फार्म हाउस रटौल में रटौल मैंगो फेस्टिवल-2026 का हुआ भव्य आयोजन