ग्वालियर। प्रतिबद्ध रचनाकार, कवि, लेखक, साहित्यकार गौहर रज़ा को जनकवि मुकुट बिहारी सरोज सम्मान 2026 से सम्मानित किया जाएगा। विज्ञान की तर्कसंगतता से साहित्य को संवारने वाले, कविता को शल्यक्रिया के औजार की तरह काम में लाने वाले, हर मोर्चे पर दृढता से डटे रचनाकार गौहर रज़ा फिलहाल दिल्ली से हैं।जनकवि मुकुट बिहारी सरोज स्मृति न्यास के अध्यक्ष महेश कटारे सुगम, सचिव मान्यता सरोज ने जूरी की सिफारिश पर न्यास द्वारा किये गए चयन की जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षा एवं काम से इंजीनियर, उर्दू तथा हिन्दुस्तानी के कवि गौहर रज़ा वैज्ञानिक रुझान के संवाहक और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित ‘जंग-ए-आज़ादी’ और भगत सिंह पर आधारित ‘इंकलाब’ जैसी फिल्मों के लेखक, ब्रह्माण्ड की बदलती कहानी को बयान करती, अनेक भाषाओं में अनुदित बैस्ट सेलर ‘मिथकों से विज्ञान तक’ और नज्मों तथा ग़ज़लों के संग्रह ‘खामोशी’ तथा ‘जज़्बों की लौ तेज़ करो’ सहित अनेक किताबों के लेखक गौहर रज़ा हमारे समय के विलक्षण साहसी और खरे सृजनधर्मी हैं । देश-विदेश में प्रकाशित रज़ा साहब को 2001 में हिंदी अकादमी द्वारा क्रिएटिव लिटरेचर अवार्ड और 1999 में यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन द्वारा बेस्ट सब्जेक्ट एक्सपर्ट का पुरस्कार मिल चुका है। इसके साथ ही, अनेक सम्मानों से भी उन्हें नवाजा जा चुका है। न्यास के अनुसार, गौहर रज़ा का जनकवि मुकुट बिहारी सरोज सम्मान 2026 से सम्मानित होना उनकी जनधर्मी सृजनात्मकता का आदर और सम्मान है।सम्मान समारोह हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सरोज जी के जन्मदिन 26 जुलाई को ग्वालियर में आयोजित होगा। यह सरोज जी का जन्मशताब्दी वर्ष भी है।जनकवि मुकुट बिहारी सरोज स्मृति सम्मान से अभी तक सीताकिशोर खरे (सेंवढ़ा), निर्मला पुतुल (दुमका, झारखण्ड), निदा फ़ाज़ली (मुम्बई), कृष्ण बक्षी (गंज बासौदा), अदम गौंडवी (गोंडा), उदय प्रताप सिंह (दिल्ली-मैनपुरी), नरेश सक्सेना (लख़नऊ), राजेश जोशी (भोपाल), डॉ. सविता सिंह (दिल्ली), राम अधीर (भोपाल), प्रकाश दीक्षित (ग्वालियर), कात्यायनी (लख़नऊ), महेश कटारे ‘सुगम’ (बीना), शुभा तथा मनमोहन (रोहतक), मालिनी गौतम (गुजरात), विष्णु नागर (दिल्ली), जसिंता केरकट्टा (राँची), देवेन्द्र आर्य (गोरखपुर), सुश्री कविता कर्मकार (गौहाटी), यश मालवीय (इलाहाबाद) तथा आरती (भोपाल) को अभिनंदित किया जा चुका है।मान्यता सरोजजनकवि मुकुट बिहारी सरोज स्मृति न्यास, ग्वालियर Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन राजनैतिक व्यंग्य-समागम वीबी-ग्राम-जी के प्रस्तावित नियमों में बेनकाब होता मज़दूर-विरोधी चरित्र