माध्यमिक शिक्षा निदेशक के निर्देश जारी, ट्रैफिक पुलिस भी करेगी जागरूकजयपुर। सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए राजस्थान में अब स्कूली विद्यार्थियों को भी इससे जोड़ा जाएगा। राज्य के सरकारी और निजी स्कूलों में रोड सेफ्टी क्लबों का गठन किया जाएगा, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने सभी संयुक्त निदेशकों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।योजना के तहत कोटा जिले के एक हजार से अधिक सरकारी और निजी स्कूलों में रोड सेफ्टी क्लब बनाए जाएंगे। प्रत्येक विद्यालय में 5 से 10 विद्यार्थियों का चयन रोड सेफ्टी वालंटियर के रूप में किया जाएगा। ये विद्यार्थी अपने स्कूल के साथ-साथ घर और आसपास के क्षेत्रों में भी सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाएंगे।रोड सेफ्टी क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन नहीं चलाने तथा यातायात संकेतों को समझने और उनका पालन करने की जानकारी दी जाएगी।इस पहल की विशेषता यह होगी कि ट्रैफिक पुलिस भी स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद करेगी। पुलिस अधिकारी बच्चों को सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और उनके दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देंगे। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, ओवर स्पीडिंग के खतरों तथा सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों से अवगत कराएंगे। विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।विशेषज्ञों का मानना है कि आज भी बड़ी संख्या में लोग बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाते हैं, जबकि युवाओं में ओवर स्पीडिंग और स्टंटबाजी की प्रवृत्ति देखने को मिलती है। ऐसे में स्कूल स्तर पर बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।कोटा संभाग की संयुक्त निदेशक आशा मंडावत ने कहा कि जब विद्यार्थी स्वयं ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे और अपने परिवार को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे, तो सड़क सुरक्षा का संदेश तेजी से घर-घर तक पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी ट्रैफिक पुलिस के माध्यम से स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए थे और इस वर्ष भी इस पहल को आगे बढ़ाया जाएगा। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन राम मंदिर चढ़ावा विवाद: अयोध्या बार एसोसिएशन का अल्टीमेटम, 3 दिन में अयोध्या छोड़ने को कहा अलवर ओपन जेल से हत्या का दोषी कैदी फरार, तलाश में जुटी पुलिस