चालान के सेटलमेंट के नाम पर मांगे थे 45 हजार रुपये, पहले ही ले चुके थे 40 हजार; हाउसकीपिंग सुपरवाइजर के माध्यम से 5 हजार रुपये लेते हुए ट्रैप इंदौर। प्रदीप चौधरी। लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एमपीईबी के अरण्य जोन में पदस्थ जूनियर इंजीनियर रवि मिश्रा और मीटर रीडर संदीप के खिलाफ रिश्वत मांगने के मामले में कार्रवाई की है। शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये की रिश्वत राशि हाउसकीपिंग सुपरवाइजर दीपक सचदेवा के माध्यम से प्राप्त करने के दौरान लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, स्काई कॉर्पोरेट बिल्डिंग की नौवीं मंजिल पर कैफे संचालित करने वाले आर्जव जैन ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एमपीईबी के जूनियर इंजीनियर रवि मिश्रा ने कैफे पर कार्रवाई करते हुए 97 हजार रुपये का चालान बनाया था। इस चालान का सेटलमेंट कराने के बदले मीटर रीडर संदीप ने 45 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसमें से 20-20 हजार रुपये की दो किस्तों में कुल 40 हजार रुपये पहले ही लिए जा चुके थे। शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद 23 नवंबर 2026 को लोकायुक्त पुलिस ने रवि मिश्रा और संदीप के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद स्काई कॉर्पोरेट बिल्डिंग की बी-1 पार्किंग में कार्रवाई करते हुए हाउसकीपिंग सुपरवाइजर दीपक सचदेवा के माध्यम से 5 हजार रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त करने के दौरान आरोपी संदीप को रंगे हाथों ट्रैप किया गया। यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर डीआईजी मनोज सिंह के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के नेतृत्व में की गई। ट्रैप दल में निरीक्षक आशुतोष मिठास सहित लोकायुक्त पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है। लोकायुक्त पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगे जाने पर लोकायुक्त कार्यालय इंदौर के दूरभाष नंबर 0731-2533160 एवं 0731-2430100 पर शिकायत दर्ज कराएं। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन गोवा के एक प्लांट की शिकायत से पूरे देश में बिसलेरी को कटघरे में खड़ा करना कितना उचित? मध्य प्रदेश में 26 पुलिस अधिकारियों के तबादले, गृह विभाग ने जारी किए आदेश