इंदौर। प्रदीप चौधरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को स्कूल चले हम अभियान के तहत बड़ा गणपति स्थित शासकीय शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यालय में स्थापित अत्याधुनिक खगोलीय प्रयोगशाला का निरीक्षण किया और छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनके वैज्ञानिक मॉडल्स एवं भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘स्पार्क एस्ट्रोनॉमी’ लैब में मौजूद दूरबीन, वेधशाला, ग्रह-नक्षत्र ट्रैकिंग प्रणाली, रॉकेट और सैटेलाइट मॉडल्स सहित विभिन्न वैज्ञानिक उपकरणों का अवलोकन किया। छात्राओं ने उन्हें चंद्र ग्रहण, सूर्य ग्रहण, जल चक्र, ज्वालामुखी, पृथ्वी की आंतरिक संरचना और सौर मंडल से जुड़े मॉडल्स की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने छात्राओं के वैज्ञानिक कौशल और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यालय की स्मार्ट कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनके भविष्य के लक्ष्य, पढ़ाई और रुचियों के बारे में चर्चा की तथा उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शासकीय विद्यालयों के आधुनिकीकरण और बेटियों को शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नई शिक्षा नीति के अनुरूप स्कूलों में आधुनिक प्रयोगशालाएं और स्मार्ट क्लास विकसित की जा रही हैं, ताकि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित हो सके।उन्होंने कहा कि विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं के बीच विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनकर सीखने और अपने ज्ञान का निरंतर विस्तार करने की आवश्यकता है। राज्य सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।इस दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को समर्थन देने की अपील, मिस्ड कॉल के जरिए जुड़ सकते हैं विद्यार्थी सीएम डॉ. यादव के अहम निर्देश, टाइगर स्ट्राइक फोर्स की तर्ज पर बनेगी राज्य स्तरीय टास्क फोर्स
You must be logged in to post a comment.