इंदौर। प्रदीप चौधरी। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) इंदौर में मंगलवार को 78वें नव आरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण सत्र 2025-26 के समापन अवसर पर भव्य दीक्षांत परेड समारोह का आयोजन किया गया। समारोह मध्यप्रदेश पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। 15 जून 2025 से प्रारंभ हुए प्रशिक्षण सत्र में लगभग एक वर्ष का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद कुल 984 नव आरक्षकों, जिनमें 788 महिला प्रशिक्षु शामिल थीं, ने शानदार दीक्षांत परेड का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पीटीसी इंदौर श्रीमती वाहनी सिंह ने सभी नव आरक्षकों को शपथ दिलाई।अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह ने महाविद्यालय के इतिहास एवं प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने नव आरक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस की सबसे बड़ी शक्ति जनता का विश्वास है, जिसे संवेदनशील व्यवहार, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से अर्जित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में साइबर अपराध और नशे का बढ़ता खतरा बड़ी चुनौती है, जिससे निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष और नैतिक रूप से मजबूत बनना होगा।पुलिस महानिदेशक ने कहा कि वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं बल्कि जिम्मेदारी का दायित्व भी है। समाज पुलिसकर्मी को उसके व्यवहार और चरित्र से पहचानता है। उन्होंने नव आरक्षकों को आधुनिक पुलिसिंग अपनाने, लगातार सीखते रहने और मध्यप्रदेश पुलिस को देश की सबसे आधुनिक, संवेदनशील एवं विश्वसनीय पुलिस बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही आगामी सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और प्रशिक्षण की जानकारी भी साझा की।समारोह के दौरान प्रशिक्षण सत्र में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह ने मुख्य अतिथि कैलाश मकवाणा एवं विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) रवि कुमार गुप्ता को स्मृति चिन्ह भेंट किए।दीक्षांत परेड के बाद नव आरक्षक प्रशिक्षुओं ने आरोहण कार्यक्रम के अंतर्गत साहस, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए रोमांचक करतब प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने खूब सराहा।समारोह में पुलिस कमिश्नर इंदौर संतोष कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक अनुराग, चंद्रशेखर सोलंकी, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार श्रीवास्तव, मनीष कुमार अग्रवाल, धर्मेंद्र सिंह भदौरिया, पुलिस अधीक्षक इंदौर ग्रामीण राजेंद्र कुमार वर्मा, सेनानी प्रथम वाहिनी अभिषेक आनंद सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षण) श्रीमती रचना भदौरिया ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन 78वें नव आरक्षक प्रशिक्षण सत्र के समापन पर सांस्कृतिक संध्या आयोजित राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, जीतू पटवारी के बयान को बताया हताशा का संकेत