इंदौर। आगामी वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों को लेकर इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में डीआरपी लाइन इंदौर में आयोजित छह दिवसीय विशेष सिंहस्थ प्रशिक्षण शिविर के प्रथम चरण का शनिवार को समापन हुआ। समापन समारोह में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर सिंहस्थ महापर्व के दौरान सुरक्षा, कानून व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण सावधानियों एवं कार्यवाहियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें करोड़ों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे विशाल आयोजन में प्रभावी पुलिसिंग के लिए पुलिस बल का प्रशिक्षित और दक्ष होना आवश्यक है।प्रशिक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार, संकट की स्थिति में त्वरित निर्णय क्षमता, तनाव प्रबंधन, जनसंपर्क कौशल और तकनीक आधारित आधुनिक पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, आपदा प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, वीआईपी सुरक्षा तथा सोशल मीडिया प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया गया।समापन कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) आर.के. सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) सीमा अलावा एवं रक्षित निरीक्षक दीपक कुमार पाटील सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।पुलिस विभाग के अनुसार यह प्रशिक्षण कार्यक्रम चरणबद्ध तरीके से दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि सिंहस्थ-2028 के दौरान प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सके। Share this:Tweet Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp PostMoreLike this:Like Loading… Related पोस्ट नेविगेशन कोटा पुलिस का मेगा ऑपरेशन, 55 ठिकानों पर दबिश; 25 आरोपी गिरफ्तार इंदौर पुलिस की मेगा कॉम्बिंग गश्त, 1348 बदमाश चेक; 652 पर कार्रवाई